फिंगेश्वर ञ्च पत्रिका. ब्लाक मुख्यालय सहित गांवों में रंगों का त्योहार होली बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाया गया। इस बार तिथि को भ्रम होने के कारण कहीं सोमवार तो कहीं मंगलवार को होलिका दहन किया गया। त्योहार की खुमारी ऐसा रहा कि लोग फाग गीत तो कहीं डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए। बच्चे, महिला, पुरुष व बड़े बुजुर्ग हर कोई होली के जश्न में डूबे हुए थे। वहीं, पुलिस प्रशासन होली पर्व को लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने मुख्य मार्ग सहित चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किए थे। जिससे किसी भी तरह की अप्रिय घटना घटित नहीं हुई है। लोगों ने भाईचारे के साथ सौहार्दपूर्ण ढंग से रंगों का पर्व मनाया। क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में लोग होली का जश्न मनाते हुए पारंपरिक फाग गीतों पर झूमते नजर आए। नगर के विभिन्न वार्डों में जगह-जगह बच्चों सहित महिलाएं व पुरुषों की टोलियां रंग-बिरंगे गुलाल से सराबोर नजर आए। होली के जश्न का नजारा हर तरफ अपने अलग अंदाज में था। रंगों का त्योहार लोगों ने उत्साह और उमंग के साथ मनाते हुए रंग-बिरंगे अबीर-गुलाल उड़ाए।
होली पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने मुख्य मार्ग सहित गली-मोहल्ले व चौक-चौराहों पर पुलिस जवान तैनात किए गए थे। वहीं, जगह-जगह बेरिकेट्स भी लगाए गए थे। पुलिस हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर भी नजर बनाए हुई थी। जिसके चलते क्षेत्र में होली का पर्व आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्वक ढंग से मनाया गया।