16 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अखिलेश यादव ने एक-एक वार का गिन-गिन कर किया पलटवार, कहा-इनकी सोच शौचालय से शुरू होती है और शौचालय पर खत्म

गठबंधन प्रत्याशी के लिए वोट मांगने पहुंचे अखिलेश जनता से इतिहास बदलने का किया आहृान सुरेश बंसल गाजियाबाद से हैं उम्मीदवार

3 min read
Google source verification
akhilesh yadav

अखिलेश यादव का बड़ा बयान, कहा-इनकी सोच शौचालय से शुरू होती है और शौचालय पर खत्म

गाजियाबाद। पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार आखिरी दौर में है। ऐसे में सभी पार्टियों के दिग्गज नेता अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने के लिए जनता के बीच पहुंच रहे हैं। ऐसे में अखिलेश यादव सोमवार को गठबंधन के प्रत्याशी सुरेश बंसल के लिए वोट मांगने पहुंचे। जहां उन्होंने एक बार फिर बीजेपी पर करारा हमला किया और कहा कि उनके काम और वो केवल टीवी पर दिखते हैं लेकिन समाजवाद जमीन पर दिखाई देता है।

घोषणा पत्र जारी करने वाले को नहीं मिलता टिकट

सपा अध्यक्ष ने गठबंधन को जमीन का गठबंधन बताते हुए बीजेपी पर हमला बोला और कहा बीजेपी कहती है कि ये मिलावट का गठबंधन है लेकिन ये परिवर्तन का गठबंधन है जो देश में बदलाव लाएगा। इस दौरान अखिलेश यादव ने बीजेपी के घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी ने संकल्प पत्र जारी कर एक बार फिर तमाम वादे किए। लेकिन जनता जानना चाहती है कि जो वादे पिछले चुनाव में वादे किए थे वो कहां है? इसके साथ ही अखिलेश यादव ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि बीजेपी की ओर से जो भी घोषणा पत्र जारी करता है उन्हें अगले चुनाव में टिकट नहीं मिलता। इस बार फिर जिसने बीजेपी में घोषणा पत्र जारी किया उसे टिकट नहीं देगी बीजेपी। आपको बता दें कि इस बार बीजेपी की ओर से राजनाथ सिंह ने घोषणा पत्र जारी किया है।

बीजेपी ने केवल रंगाई-पोताई का काम किया

वहीं सीएम योगी पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम गाजियाबाद को स्मार्ट सिटी बनाने का दावा कर रहे हैं लेकिन जनता तुलना करे कि किसने काम कराया है। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का नाम बदले जाने पर कहा कि इन्होंने सत्ता में आने के बाद केवल रंगाई-पोताई का काम किया है। जो भी योजनाए चलाई या तो बंद कर दी या नाम बदल दिए और कई जगह आफिस की केवल पोताई करके काम चला लिया।

बीजेपी की चौकीदारी में देश को हो रहा घाटा

रोजगार को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में चाय वाला बन कर सत्ता में आए। उससे पहले रोजगार के बड़े-बड़े सपने दिखाए और सत्ता में आने के बाद कहा कड़ाही लेकर पकौड़े तलो। लेकिन इस बार चौकिदार बन कर आए लेकिन जनता को तय करना है कि इस बार उनकी चौकीदारी छिन लो, क्योंकि देश को इनकी चौकीदारी में बहुत घाटा हो रहा है।

समाजवाद ने झूठ नहीं बोलने के लिया संकल्प

अखिलेश यादव यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि देश में ऐसी कोई भी पार्टी नहीं जो सेना पर राजनीति करें लेकिन बीजेपी के सभी नेता सेना का नाम लेकर आए दिन राजनीति करते हैं। देश से झूठ बोलते हैं। गाजियाबाद के बीजेपी उम्मीदवार वीके सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां के सासंद जनरल रहे हैं, लेकिन फिर भी उन्होंने सेना के नाम पर राजनीति की। उन्होंने कहा कि इस बार नवरात्र में समाजवाद ने संकल्प लिया कभी झूठ नही बोलेंगे। इसलिए बीजेपी भी संकल्प ले कि वो झूठ नहीं बोलेंगे। लेकिन वो नहीं लेंगे। अखिलेश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का भाषण शौचालय से शुरु होता है और शौचालय पर खत्म होता है।

यादव-यादव रिश्तेदार तो मोदी-मोदी भी

विजय माल्या और नीरव मोदी को लेकर भी अखिलेश यादव बीजेपी पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि जब हमारी इतनी तलाशी होती है। हमे कहीं भी पूछताछ के लिए और जांच के लिए रोक लिया जाता है। तो इनके शासन में कैसे शराब कारोबारी भाग गया। अरे हमारी सरकार में बार-बार इल्जाम लगाते थे समाजवाद को बदनाम करने के लिए यादव का नाम लेकर आरोप लगाते थे। लेकिन मैं कहना चाहूंगा कि जब यादव-यादव रिश्तेदार हो सकते हैं, तो मोदी-मोदी क्यों नहीं। लेकिन ये जनता को जवाब नहीं देते केवल झूठ बोलते हैं।

जनता का जताया आभार

जनता से अपील की कि लोग कहते हैं कि इतिहास नहीं बदलता लेकिन जनता को इतिहास बदलना है। गठबंधन के प्रत्याशी को वोट देकर एक-एक वोट देकर अच्छे दिन वालों को आईना दिखाना है। इसके साथ ही उन्होंने नोएडा से गठबंधन के प्रत्याशी सतवीर नागर के लिए भी मंच से वोट की अपील की। वहीं जनता को संबोधित करने से पहले अखिलेश यदाव ने विधायक मुन्नी यादव के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि मुन्नी को टिकट दिया जा चुका था, लेकिन फिर भी बड़ा दिल दिखाते हुए उन्होंने देश हित के लिए अपना नाम वापस ले लिया और गठबंधन के प्रत्याशी सुरेश बंसल को टिकट दिय गया इसलिए उनके इस त्याग को जाया नहीं होने देना है। जनसभा में भारी भीड़ को देखते हुए उम्मीद जताई की इस बार सुरेश बंसल को जनता का आशिर्वाद जरूर मिलेगा।