
गाजियाबाद। कोरोना वायरस के मद्देनजर केंद्र सरकार द्वारा 75 जिलों में 31 मार्च तक के लिए लॉकडाउन घोषित कर दिया गया है। इन जिलों में गाजियाबाद भी शामिल है। जिसके बाद जनपद में लोगों की बेवजह की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद रहेगी। उधर, नियम का उल्लंघन करने पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई भी की जा सकती है।
इस सबके बीच लोगों का एक ही सवाल है कि आखिर इन दिनों वह जरूरत का सामान कहां से खरीद सकेंगे। इन सवालों पर विराम लगाते हुए एसएसपी गाजियाबाद द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। जिसमें उन्होंने कहा है कि वे सभी लोग जिनकी आवश्यक वस्तुओं की दुकान हैं, वे बेझिझक अपनी दुकानें खोल सकते हैं।
इनमें विशेष तौर से दूध, सब्जी, राशन, किराना, मेडिकल स्टोर इत्यादि शामिल हैं। वहीं अगर इन दुकानों को बंद कराने के लिए कोई आता है तो तत्काल 9454403434 नंबर पर सूचित करें। साथ ही संबंधित व्यक्ति का फोटो या वीडियो व्हाट्सएप पर भेजें, ताकि उसके विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।