UP Weather Alert: उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते मैदानी इलाकों में गंगा-यमुना का जलस्तर उफान पर है। Delhi-Dehradun highway भूस्खलन के चलते बंद हो गया है। जिससे सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं। वहीं IMD ने 8 जिलों में भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया है।
UP Weather Alert: पश्चिम यूपी से सटे उत्तराखंड के ऊपर इलाकों मेें सोमवार देर रात से भारी बारिश से जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते पश्चिम यूपी के मैदानी इलाकों में गंगा और यमुना का जलस्तर बढ़ने लगा है। गंगा का जलस्तर बढ़ने से मेरठ के हस्तिनापुर के कई गांव में बाढ़ का पानी भर गया है। वहीं बिजनौर में भी बैराज पर गंगा खतरे के निशान पर पहुंच रही हैं। बागपत में यमुना का जलस्तर बढ़ने से हालात खराब हैं। वहीं दिल्ली देहरादून हाइवे पर नाला अचानक उफान पर आ गया। हाइवे पर हुए भूस्खलन के चलते पत्थर आ जाने से मार्ग बंद हो गया है। हाइवे पर नाले के पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई।
मौसम विभाग के अनुसार आज रात पश्चिम यूपी के आठ जिलों में बारिश की संभावना है। जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। उनमें सहारनपुर, शामली, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर और अमरोहा हैं। मौसम विभाग के अनुसार इस समय पश्चिम यूपी के अधिकांश जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। धूप और बादलों के बीच आंख मिचौली का खेल जारी है। वहीं बारिश के चलते उत्तराखंड में हालात बहुत खराब हो गए हैं। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर भूस्खलन हुआ है। वहीं रामपुर में होटल जमींदोज हो गया है। कई जगहों पर रास्ते पूरी तरह से बंद हैं।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिले के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इससे पश्चिम यूपी के जिलों में भी प्रभाव पड़ेगा। पश्चिम यूपी के जिलों में गर्जन और बिजली चमकने के साथ कई दौर की तेज बारिश होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार में अगले कुछ दिनों तेज बारिश होने की संभावना है।