
UP Crime News | Image Source - Social Media 'Pinterest'
गाजीपुर: सैदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में दो इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए बदमाश पिता-पुत्र हैं और हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे थे। फिलहाल, घायल आरोपियों को इलाज के लिए पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
सैदपुर थाना क्षेत्र में पूर्व में दासु बनवासी की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मार कर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रासबिहारी और उसके बेटे हरेंद्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी हत्या की इस वारदात के बाद से फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दोनों के ऊपर 25-25 हजार रुपए का इनाम रखा था।
क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी सैदपुर थाना क्षेत्र के सेहमलपुर गांव के पास स्थित निर्माणाधीन फायर सर्विस स्टेशन की बिल्डिंग के पास छिपे हुए हैं। मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस टीम हरकत में आई और सैदपुर थाना पुलिस और थाना क्षेत्र के अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा घटनास्थल पर दबिश दी गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को आता देख दोनों आरोपियों ने पुलिस कर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी और आत्मरक्षक की गई कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। उन्होंने बताया कि रासबिहारी के बाएं पैर में और हरेंद्र के दाहिने पैर में गोली लगी है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि दोनों के ऊपर पूर्व में 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों के पास से 315 बोर का दो तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ की इस घटना में घायल हुए दोनों आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भेजा गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी पिता-पुत्र हैं और नोनहरा थाना क्षेत्र के मोलना पुर गांव के रहने वाले हैं।
Updated on:
17 May 2026 08:29 am
Published on:
17 May 2026 08:28 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
