
पकड़े गए आरोपी प्रेस वार्ता करते ASP फोटो सोर्स पुलिस मीडिया सेल
Gonda Crime: गोंडा के वजीरगंज में पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से पीतल और स्टील के बर्तन, डीजे मशीन, साउंड मिक्सर, लाइट और चोरी की बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक साथी के साथ मिलकर दो घरों और डीजे की दुकान में चोरी करने की बात कबूल की। तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। बरामद सामान की अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों कुलभूषण और छोटू सिंह उर्फ ओम सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों को मनकापुर-नवाबगंज रोड पर ऊंटघाट पुल से पहले जंगल के पास से पकड़ा गया। उनके पास से चोरी का काफी सामान और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, मुरावनपुरवा कोठा गांव में रहने वाले अमर मौर्या ने शिकायत दी थी कि उनके बड़े पापा शिवलाल मौर्या का मकान बगल में है। शिवलाल अपने परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं। 11 और 12 अगस्त की रात चोर पीछे के दरवाजे से मकान में घुसे और घर में रखे पीतल और स्टील के बर्तन चोरी कर ले गए। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ लोग ऊंटघाट पुल के पास जंगल में चोरी का सामान लेकर बैठे हैं। और उसे ले जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो आरोपियों को पकड़ लिया। वहीं एक आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भाग निकला।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बड़ी पीतल की परात, दो छोटी पीतल की परात, तीन बड़ी पीतल की थाली, सात छोटी पीतल की थाली और एक स्टील की थाली बरामद की। इसके अलावा 8 डीजे मशीन, दो साउंड मिक्सर मशीन और दो एसआरपी लाइट भी मिलीं। एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। इन शातिर चोरों में कुलभूषण के खिलाफ 8 मुकदमा तथा छोटू सिंह के खिलाफ 15 मुकदमे विभिन्न संगीन अपराधों के दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी शिखर सिंह के साथ मिलकर चोरी की थी। 9 अगस्त की रात कोतवाली नगर क्षेत्र के बावरिया दुर्जनपुर में डीजे की दुकान में पीछे से सेंध लगाकर सामान चोरी किया था। आरोपियों ने यह भी बताया कि बरामद बाइक कुछ दिन पहले फैजाबाद शहर से सड़क किनारे खड़ी हालत में चोरी की गई थी। पुलिस फरार आरोपी शिखर सिंह की तलाश कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Updated on:
13 Aug 2026 05:35 pm
Published on:
13 Aug 2026 05:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
