
स्कूली छात्रों को जागरूक करती पुलिस फोटो सोर्स विभाग
Gonda News: गोंडा में साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस ने लोगों को पासवर्ड की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया है। 16 अक्टूबर को जिले के सभी थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें लोगों को बताया गया कि कमजोर पासवर्ड और एक ही पासवर्ड से कई अकाउंट चलाना भारी पड़ सकता है। पुलिस ने मजबूत पासवर्ड बनाने, संदिग्ध लिंक से बचने और ऑनलाइन खातों को सुरक्षित रखने के तरीके बताए।
आज के समय में मोबाइल, ई-मेल, सोशल मीडिया और बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल बढ़ गया है। ऐसे में ऑनलाइन खातों की सुरक्षा भी जरूरी हो गई है। साइबर ठग लोगों के कमजोर पासवर्ड और छोटी-छोटी लापरवाही का फायदा उठाकर उनके अकाउंट में सेंध लगाने की कोशिश करते हैं। इससे निजी जानकारी चोरी होने और आर्थिक नुकसान का खतरा रहता है। इसी को देखते हुए पुलिस ने अक्टूबर में चल रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के सभी थानों में कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों समेत आम लोगों को पासवर्ड सुरक्षित रखने के तरीके बताए गए।
पुलिस ने लोगों को बताया कि पासवर्ड ऐसा होना चाहिए। जिसका आसानी से अंदाजा न लगाया जा सके। इसके लिए बड़े और छोटे अक्षरों, अंकों और विशेष चिह्नों का इस्तेमाल करना चाहिए। अपना नाम, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर पासवर्ड में रखने से बचना चाहिए। क्योंकि इन जानकारियों का अनुमान लगाना आसान हो सकता है। पुलिस ने यह भी समझाया कि सभी ऑनलाइन खातों के लिए एक ही पासवर्ड का इस्तेमाल न करें। सोशल मीडिया, ई-मेल और बैंकिंग सेवाओं के लिए अलग-अलग पासवर्ड रखें। इससे एक अकाउंट की जानकारी चोरी होने पर दूसरे खातों के सुरक्षित रहने की संभावना बढ़ जाती है।
साइबर ठग कई बार फर्जी कॉल, मैसेज और ई-मेल भेजकर लोगों से उनकी गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति को अपना पासवर्ड, बैंकिंग ओटीपी या एटीएम और डेबिट कार्ड से जुड़ी जानकारी न दें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान वेबसाइट पर पासवर्ड डालने से पहले उसकी जांच जरूर करें। ऑनलाइन खातों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए जहां सुविधा उपलब्ध हो, वहां टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन यानी दो चरणों में पहचान की पुष्टि करने वाला विकल्प भी चालू रखें।
पुलिस ने बताया कि अगर किसी को अपना ऑनलाइन अकाउंट हैक होने या पासवर्ड चोरी होने का शक हो, तो तुरंत पासवर्ड बदलें और खाते की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएं। साइबर ठगी होने पर राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके अलावा सरकारी पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे पासवर्ड सुरक्षित रखें। डिजिटल दुनिया में सावधानी बरतें। साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचने के तरीकों की जानकारी दें।
Updated on:
16 Oct 2026 06:41 pm
Published on:
16 Oct 2026 06:41 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
