13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एसपी की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत मांगने के आरोप में दरोगा सस्पेंड, वीडियो में ‘पैसे के इंतजाम’ की बात!

गोंडा में मोतीगंज थाने के दरोगा रिश्वत मांगने के आरोप में सस्पेंड कर दिए गए। महिला की दी पुरानी वीडियो क्लिप में विवेचना में लाभ दिलाने के बदले पैसे के इंतजाम की बात सामने आई।

2 min read
Google source verification
उत्तर प्रदेश पुलिस (प्रतीकात्मक तस्वीर)

उत्तर प्रदेश पुलिस (प्रतीकात्मक तस्वीर)

गोंडा के मोतीगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक मिनहाज सिद्दकी को रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। एक महिला द्वारा दी गई पुरानी वीडियो क्लिप में विवेचना में लाभ पहुंचाने के बदले रुपये की मांग की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर एसपी ने दरोगा को सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

गोंडा जिले के मोतीगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक मिनहाज सिद्दकी को रिश्वत मांगने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार ग्राम छाछपारा मतवल्ली की रहने वाली शांति देवी पत्नी भारत चौहान ने पुलिस अधीक्षक को एक पुरानी वीडियो क्लिप उपलब्ध कराते हुए आरोप लगाया कि मोतीगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक मिनहाज सिद्दकी एक मामले में लाभ पहुंचाने के लिए रुपये की मांग कर रहे थे।

सीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई कार्रवाई

इस शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले की प्रारंभिक जांच क्षेत्राधिकारी सदर से कराई। जांच के दौरान पता चला कि गांव की ही आरती पत्नी रामदास ने छप्पर में आग लगाने के आरोप में शांति देवी के परिवार के खिलाफ तहरीर दी थी। इसी आधार पर 10 मई 2025 को मोतीगंज थाने में भारत चौहान, धनप्रकाश, भगेलू और खूंटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मुकदमे की विवेचना उपनिरीक्षक मिनहाज सिद्दकी कर रहे थे। विवेचना के दौरान 10 जुलाई 2025 को आरोपी भारत पुत्र लखन और भगेलू पुत्र भारत को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद 1 सितंबर 2025 को दोनों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया गया। मामले में अन्य आरोपी धनप्रकाश और खूंटी के खिलाफ विवेचना जारी रही। इनके खिलाफ 22 सितंबर 2025 को गैर जमानती वारंट जारी हुआ और 11 फरवरी 2026 को धारा 84 बीएनएसएस के तहत आदेशिका जारी की गई। 19 फरवरी 2026 को यह आदेश अभियुक्तों के घर पर चस्पा कराया गया।

प्रारंभिक जांच में विवेचना में लाभ पहुंचाने के लिए रुपया मांगने की हुई पुष्टि

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 6 जून 2025 की बताई जा रही वीडियो क्लिप में विवेचक मिनहाज सिद्दकी आवेदिका पक्ष के लोगों से बातचीत के दौरान विवेचना में लाभ पहुंचाने के लिए रुपये का इंतजाम करने की बात कहते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने उपनिरीक्षक मिनहाज सिद्दकी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।