5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

योगी सरकार के एक लाख की कर्ज माफी योजना हुई हवा हवाई, किसानों के कर्जे नहीं हुए माफ

जनपद में पात्र किसानो की कर्जमाफी योगी सरकार की पहली प्राथमिकता हवा हवाई हुई।

3 min read
Google source verification
Yogi Sarkar not give benefit to loan waiver scheme to farmers

गोंडा. जनपद में पात्र किसानो की कर्जमाफी योगी सरकार की पहली प्राथमिकता हवा हवाई हुई। जिले के सर्व यूपी ग्रामीण बैंक उमरी बेगमगंज से कर्ज लिये 1582 पात्र किसानों का लाखों रूपये का कर्ज माफ नहीं हो सका। जहां एक ओर योगी सरकार एक साल पूरा होने पर जश्न मना रही है वहीं किसान कर्ज माफ न होने से मुफलिसी की जिंदगी जी कर मातम मना रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2017-18 पूरा हो गया है पुन: भू अभिलेख का सत्यापन कराया जा रहा है। जिससे किसानों की इस वित्तीय वर्ष मे कर्ज माफ होने की आस समाप्त हो गयी है। बैंक ऋण खाते मे लगातार ब्याज बढ़ता जा रहा है।

किसानों का ऋण नहीं हुआ माफ

प्रदेश सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक मे एक लाख तक कर्ज माफ करने की घोषणा की थी जिसमें 31 मार्च 2016 तक ऋण लिये किसानों का कर्जमाफ करने की कार्यवाही शुरू तो हुई लेकिन बेलसर ब्लाक के सर्व यूपी ग्रामीण बैंक उमरी बेगमगंज के किसानों का ऋण माफ नहीं हुआ। जब अन्य बैंकों से लिये कर्ज माफ होने लगे तो किसान अवाक रह गये। बैंक प्रबंधक से पूंछने पर पता चला कि बैंक साफ्टवेयर मे तकनीकी खराबी होने के कारण 31 दिसम्बर 2016 को खाते मे पैसे की जमा व निकासी की गयी है। जिससे ऋण खाते का नवीनीकरण हो गया है जबकि हकीकत मे किसानो ने न तो कोई पैसा जमा किया न ही कोई निकासी की। इससे किसानो की समस्या गम्भीर हो गई। प्रकरण संज्ञान मे आने पर किसानो ने बैंक शाखा के खिलाफ कालेधन को सफेद करने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित हैं। सूचना पर क्षेत्रीय विधायक तरबगंज प्रेम नरायन पांडेय व उपजिलाधिकारी तरबगंज मौके पर पहुच कर किसानो की समस्या सुनी और कर्ज माफ होने का आश्वासन दिया तब जाकर किसान शांत हुए।

जिलाधिकारी जेबी सिंह ने इस प्रकरण मे जांच कराई

एसडीएम तरबगंज, सर्व यूपी ग्रामीण बैक के वरिष्ठ प्रबंधक व इलाहाबाद बैंक के प्रबंधक ने सन्युक्त जांच की जिसमें किसानों के कर्ज माफ न होने की बात सही पायी गई। डीएम ने जांच रिपोर्ट को शासन के प्रदेश स्तरीय कमेटी के पास भेज दिया। शासन ने दो माह पूर्व रिपोर्ट को जिला स्तरीय कमेटी को पुन: विचार करने के लिये वापस कर दिया। जिस पर डीएम ने कई बार विभागीय अधिकारी व बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले का निस्तारण जल्द से जल्द करने के निर्देश दिये। योगी सरकार के एक वर्ष पूरा हो जाने के बाद भी किसानों का कर्ज माफ नहीं हो सका और वित्तीय वर्ष 2017-18 पूरा हो गया है एक बार फिर लेखपाल द्वारा भू अभिलेखो का पुन: सत्यापन किया जा रहा है जिससे किसानों की इस वित्तीय वर्ष मे कर्ज माफ होने की उम्मीद समाप्त हो गई।

एसडीएम ,डीएम से लेकर सीएम पीएम तक हुई शिकायत, नही हुई कार्रवाई

सर्व यूपी ग्रामीण बैंक से कर्ज लिये जफरापुर गांव निवासी किसान विनय कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री को पत्र देकर कर्ज न माफ होने की शिकायत की व बैंक पर खाते से काले धन को सफेद करने का आरोप लगाया।

इस्माइलपुर गांव निवासी किसान हौसिला सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान आने पर डीएम से शिकायत की गयी लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई । जफरापुर निवासी किसान अवधबक्श सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई । किसान वीरेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि ऋण मोचन पोर्टल पर शिकायत की गयी है, लडकी की शादी तय कर चुके है कर्ज माफ हो जाये तो कुछ पैसे का बोझ कम हो जायेगा। किसान गोमती सिंह का कहना है कि सरकार ने बैंक व अधिकारियो पर सख्ती नहीं की जिससे कर्ज माफ नहीं हो सका और कर्ज ब्याज लगाकर बढता जा रहा। किसान माताप्रसाद शुक्ला, देवी बक्श सिंह, जोखन, त्रियुगी नरायण शुक्ला, रवींद्र सिंह, उत्तम सिंह,भानु प्रताप सिंह,नंद राम, नीबर,राम अवध, शेर बहादुर, सोमई यादव सहित हजारों किसानों ने मुख्यमंत्री से कर्ज माफ कराने की मांग की है।

तकनीकी खामी बताकर बैंक कर रहा मनमानी नहीं ले रहा कोई जिम्मेदारी

सर्व यूपी ग्रामीण बैक के क्षेत्रीय प्रबंधक आशुतोष चोपडा ने बताया कि बैंक की कोई गलती नहीं है, तकनीकी खामी के कारण ऋण खातों का नवीनीकरण हो गया जिससे अभी तक किसानों का कर्ज माफ नहीं हो सका है। सभी रिपोर्ट जिला स्तरीय कमेटी को बैंक सौप चुका है, उस पर कार्रवाई होने के बाद शासन द्वारा पैसा मिलने पर किसानों के खाते मे डाला जायेगा।

प्रकरण सीएम के संज्ञान मे जल्द होगी ऋण माफी : विधायक

क्षेत्रीय बिधायक प्रेम नरायन पांडेय का कहना कि किसान न हो प्रकरण मुख्यमंत्री के संज्ञान में है , कार्रवाई की जा रही है। पात्र किसानों के खाते मे जल्द ही ऋण माफी का लाभ मिलेगा।