4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जमीन विवाद बना खूनी संग्राम: दो भाइयों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला, एक की मौत दूसरा घायल परिजनों में मचा कोहराम

खेत की सिंचाई करने गए दो सगे भाइयों पर जमीनी विवाद को लेकर दबंगों ने चाकू से हमला बोल दिया। जिससे एक भाई की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है।

2 min read
Google source verification
मृतक की फाइल फोटो सोर्स पत्रिका

मृतक की फाइल फोटो सोर्स पत्रिका

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में जमीन के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। करनैलगंज क्षेत्र में दबंगों ने दो सगे भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

गोंडा जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में जमीन को लेकर वर्षों से चले आ रहे विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। नारायणपुर माझा ग्राम पंचायत के दुल्हिन पुरवा गांव में मंगलवार देर रात खेत में सिंचाई कर रहे दो सगे भाइयों पर पड़ोसियों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकू से दो दर्जन से अधिक वार किए। जिससे एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। जानकारी के मुताबिक, दुल्हिन पुरवा शिव शंकर दुबे उर्फ लल्ला दुबे (32) का अपने पड़ोसी छत्तर बली दुबे से करीब 20 साल से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। पहले भी दोनों पक्षों के बीच कई बार कहासुनी और मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं। मंगलवार रात शिव शंकर अपने बड़े भाई अमरनाथ दुबे के साथ खेत में सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान छत्तर बली दुबे अपने चार बेटों—सुनील, विनोद, धर्मेंद्र और रविंद्र—के साथ वहां पहुंचे।

भाई बचाने पहुंचा तो उसे भी कर दिया घायल

पहले दोनों पक्षों में बहस हुई। लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसा में बदल गया। आरोप है कि छत्तर बली और उनके बेटों ने पहले शिव शंकर पर चाकू से हमला किया। उनकी चीख-पुकार सुनकर जब अमरनाथ बचाने पहुंचे। तो हमलावरों ने उन पर भी वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते शिव शंकर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अमरनाथ को मरा समझकर आरोपी फरार हो गए।

घटनास्थल पर पुलिस अधिकारियों ने किया बारीकी से निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों भाइयों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने शिव शंकर को मृत घोषित कर दिया। अमरनाथ की हालत गंभीर होने पर उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया।

पिता पुत्र समेत पांच पर हत्या का मुकदमा दर्ज

मृतक की बहन संगीता का आरोप है कि हमलावर हत्या की नीयत से आए थे। उन्होंने चेहरे ढक रखे थे। वहीं ASP पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि यह वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा है। पुलिस ने पिता-पुत्र समेत पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या और गंभीर मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।