
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर के सभाकक्ष में आगामी खिचड़ी मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति पर लगने वाले विश्व प्रसिद्ध खिचड़ी मेले से जुड़े सभी कार्य 15 दिसंबर तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।उन्होंने कहा कि इस बार मकर संक्रांति 14 जनवरी 2025 को मनाई जाएगी। इसलिए 11 से 13 जनवरी तक प्रस्तावित गोरखपुर महोत्सव की तिथि 10 से 12 जनवरी करने पर विचार किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़े: भू-माफियाओं पर नरमी बर्दास्त नहीं : सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिचड़ी मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा व सहूलियत ही प्राथमिकता होनी चाहिए। यह ध्यान रखा जाए कि श्रद्धालुओं को कहीं कोई दिक्कत न हो। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की तरफ से खिचड़ी मेला को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कहा कि जो भी कार्य बाकी रह गए हैं, उन्हें शीघ्रता से पूरा कर लिया जाए। सभी कार्य 15 दिसंबर तक पूरे हो जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनवरी 2025 में प्रयागराज में महाकुंभ का भी भव्य और दिव्य आयोजन होगा। इसलिए खिचड़ी मेला में अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाने आ सकती है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। खिचड़ी मेला को जीरो वेस्ट इवेंट बनाने का निर्देश मुख्यमंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों को दिया। मेले में पर्याप्त अलाव जलाने, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने पर्याप्त पुलिस और यातयात पुलिस की तैनाती के साथ लगातार सीसीटीवी मॉनिटरिंग की जाए। वाहनों की पार्किंग और डायवर्जन की तैयारी अभी से करने को कहा। मंदिर मार्ग की सभी स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त कराने, पेयजल के लिए अस्थाई हैंडपंप लगवाने, सड़कों इत्यादि की स्थिति को ठीक करने का निर्देश दिया।
बैठक में पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, पुलिस, बिजली निगम, दूरसंचार, स्वास्थ्य विभाग, आपूर्ति विभाग, वन विभाग और वन निगम, पूर्वोत्तर रेलवे, परिवहन और सूचना विभाग के अधिकारियों ने खिचड़ी मेला को लेकर अपनी तैयारियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
बैठक में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एडीजी जोन डॉ. केएस प्रताप कुमार, कमिश्नर अनिल ढींगरा, डीआईजी आनंद कुलकर्णी, जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन, गीडा सीईओ अनुज मलिक समेत प्रशासन, पुलिस, पीडब्ल्यूडी, बिजली, स्वास्थ्य समेत कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Updated on:
25 Nov 2024, 10:11 AM IST
Published on:
25 Nov 2024, 10:11 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.