
Gorakhpur News : गोरखपुर पुलिस ने व्यापारी अनिल गुप्ता के हत्यारे मो सैफ को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है, सैफ के बाएं पैर में गोली लगी है। SP नॉर्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सैफ की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही थी इसी बीच क्षेत्र में उसके मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस टीम ने जब उसे घेरा तो वह फायरिंग करने लगा, पुलिस ने जवाबी कारवाई में मोहम्मद सैफ निवासी हुमायूंपुर को घायल कर दिया, उसके पैर में गोली लगी है। हत्यारे सैफ के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतक अनिल गुप्ता के गले से गायब सोने की चैन, एक तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल चिलुआताल पुलिस ने बरामद किया है। घायल सैफ को जिला चिकित्सालय में भर्ती कर दिया गया है।
चिलुआताल के यादव टोला नकहा नंबर एक निवासी और रेडीमेड गारमेंट्स का कारोबार करने वाले 35 साल के अनिल गुप्ता का शव बुधवार सुबह उनके घर से 500 मीटर की दूरी पर मैरिज हॉल के पास नाली के किनारे मिला है। शव खून से सना हुआ था। गर्दन पर खून लगा हुआ था। ऐसा लग रहा था कि उनकी गर्दन को किसी धारदार हथियार से रेत दिया गया हो। शव की स्थिति देखकर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों के मुताबिक, अनिल गुप्ता रात 11 बजे दुकान बंद कर घर के लिए निकले थे। उन्होंने अपने छोटे भाई से फोन पर बात करते हुए बताया कि वे थोड़ी देर में घर पहुंच जाएंगे। फिर रात के 12 बजे के बाद से उनका फोन उठना बंद हो गया। परिवारवालों ने सुबह के समय उनकी लाश सड़क के किनारे देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो शव की पहचान अनिल गुप्ता के रूप में हुई।
Updated on:
9 Nov 2024, 10:27 AM IST
Published on:
9 Nov 2024, 10:06 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.