
पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार CRPF जवान से अब गोरखपुर का भी लिंक जुड़ रहा है। जांच में जुटी टीम को पता चला कि बैंकॉक के कारोबारी पन्नेलाल के खाते से उसके खाते में पैसा ट्रांसफर किया गया था। यह पैसा ISI एजेंट द्वारा हवाला के जरिए CRPF जवान के खाते में भेजने की आशंका है। टीम ने पन्नेलाल का खाता सीज कर दिया है। जांच के लिए शनिवार भोर में एनआईए की टीम खजनी स्थित पन्नेलाल के घर पहुंची। यहां उसके परिवार से पूछताछ करने के बाद लैपटॉप व अन्य दस्तावेज लेकर चली गई और पन्नेलाल के बेटे अमन को चार जून को दस बजे दिल्ली आफिस में तलब किया है।
CRPF जवान की गिरफ्तारी के बाद एजेंसियां उसके खाते को खंगलाने में जुटी तब पता चला कि गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के रहने वाले पन्नेलाल के बैंक खाते से उसे पैसा भेजा गया है। इसके बाद से एनआईए की टीम गोरखपुर के खजनी में उसके पैतृक गांव पहुंची लेकिन यहां पता चला कि पन्नेलाल बैंकॉक में कारोबार करता है उसके बाद टीम उसके भाई पूर्व प्रधान मुन्नी लाल को लेकर उसके गोरखपुर स्थित घर पहुंची जहां पन्नेलाल के बच्चों से पूछताछ की और पैसे के लेनदेन के बारे में जानकारी हासिल की। आठ घंटे तक पड़ताल करने के बाद लैपटाप व अन्य दस्तावेज लेकर टीम लौट गई और पन्नेलाल के बेटे अमन को नोटिस देकर चार जून को दिल्ली बुलाया है। जानकारी के मुताबिक पन्नालाल कुछ माह पूर्व ही घर आया था।NIA अभी यह नहीं बता रही है कि कितने पैसे ट्रांसफर किए गए हैं। लैपटॉप व अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद स्थिति और साफ होने की बात कही जा रही है।
Updated on:
01 Jun 2025 03:37 pm
Published on:
01 Jun 2025 03:37 pm
