15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Gorakhpur news : सावधान रहें डॉक्टर…आपकी डिग्री के क्लोन पर भी कहीं चल रहा है अस्पताल

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि डॉ. राहुल नायक ने गुलरिहा थाने में 17 मई को तहरीर देकर बताया कि उनके नाम की डिग्री की कूटरचना कर अवैध तरीके से डायग्नोस्टिक व अल्ट्रासाउंड सेंटर खोला गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की तो डॉक्टर की डिग्री पर गाजीपुर जिले के जखनियां में अवैध डायग्नोस्टिक सेंटर चलता पाया गया। पुलिस ने संचालक बृजेश लाल को गिरफ्तार किया तो गैंग के बारे में पता चला। बृजेश ने पूछताछ में बताया कि उसे यह डिग्री वाराणसी सारनाथ निवासी ओमप्रकाश गौतम ने 50 हजार रुपये में दी थी। इसके बाद पुलिस ने ओमप्रकाश गौतम को पकड़ा।

2 min read
Google source verification

गोरखपुर में एक संगठित गैंग ने असली डॉक्टरों की डिग्री की नकल (क्लोन) बना खेल कर दिया। फर्जी प्रमाण पत्र से क्लिनिक और डायग्नोस्टिक सेंटर खोले गए। रविवार को गुलरिहा पुलिस ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।पकड़े गए आरोपियों की पहचान गाजीपुर जिले के भुडकुडा थाना क्षेत्र के पदुमपुर मैगर राय के बृजेश लाल, वाराणसी सारनाथ के दीनापुर चिरईगांव के ओमप्रकाश गौतम और चौबेपुर थाना क्षेत्र के बराई निवासी दीपक विश्वकर्मा के रूप में हुई। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया।

फर्जी डिग्रियों का कारोबार कई राज्यों में, चल रहे हैं फर्जी नर्सिंग होम

यह गिरोह प्रदेश के कई जिलों में ऐक्टिव था, जहां 50 हजार से लेकर पांच लाख रुपये तक की अवैध डिग्रियां बेची जा रही थीं। इन डिग्रियों का इस्तेमाल कर न केवल फर्जी क्लिनिक और सेंटर चलाए जा रहे थे, बल्कि मासूम मरीजों के साथ खिलवाड़ भी किया जा रहा था। SSP डॉ. गौरव ग्रोवर के नेतृत्व में पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया। दरअसल, डॉ. राहुल नायक कि दर्ज कराई गई शिकायत ने इस घोटाले की परतें खोलीं। उन्होंने बताया कि उनके नाम की डिग्री का गलत इस्तेमाल करते हुए कई जगहों पर डायग्नोस्टिक और अल्ट्रासाउंड सेंटर खोले जा रहे हैं। पुलिस की गहन जांच में गाजीपुर के जखनियां में एक अवैध सेंटर का संचालन पकड़ में आया, जिसे गिरफ्तार आरोपी बृजेश लाल चला रहा था।

सरगना है फरार, जांच में हो सकते चौंकाने वाले खुलासे

पूछताछ में बृजेश ने बताया कि यह फर्जी डिग्री उसे वाराणसी के ओमप्रकाश गौतम ने दी थी, जिसने खुद यह डिग्री दीपक विश्वकर्मा से खरीदी थी। इस गिरोह का जाल कितना फैला हुआ था, इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि वाराणसी और प्रयागराज में भी ऐसे अवैध क्लिनिक चल रहे थे, जिनकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है। पुलिस अब इस गिरोह के मुख्य सरगना की तलाश में जुटी है, और संभावना है कि आगे की जांच में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।