6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी में पर्यटन का केंद्र बनेगा गोरखपुर, तेजी से बिछेगा पुलों का जाल

2023 का बजट आने के बाद गोरखपुर के विकास की रफ़्तार तेज हो गई है। गोरखपुर में बहुत जल्द दौड़ेगी मेट्रो।

3 min read
Google source verification
tourism.jpg

यूपी सरकार ने बुधवार को अपना दूसरा बजट पेश किया। इस पूरे बजट में पर्यटन और विकास कामों पर विशेष फोकस किया गया है। वहीं, इस साल के बजट में CM योगी आदित्यनाथ की मंशा गोरखपुर को पर्यटन हब बनाते हुए पूर्वांचल को पर्यटन का एक बड़ा केंद्र बनाने की है।

औद्योगिक गलियारो के लिए पास किये 200 करोड़
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे काम 56 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। साथ ही गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ औद्योगिक गलियारा बनाया जाएगा। इसके लिए बजट में 200 करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। इसके साथ ही गोरखपुर मेट्रो के लिए भी 100 करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित है।

650.10 करोड़ से बदलेगी गोड़धोहिया नाला और रामगढ़ताल की सूरत
गोड़धोहिया नाला और रामगढ़ताल पर्यटन का एक अलग केंद्र होगा। इसकी सूरत बदलने के लिए इस बार यूपी सरकार ने 650.10 करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित की है। इस बजट से यहां के जीर्णोद्वार, इंटरसेप्शन, डायवर्जन और ट्रीटमेंट संबंधी परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की जाएगी।

नए पुल बनाने के लिए पास किये गए 21159 करोड़ 62 लाख रूपए
गोरखपुर में नकहा रेलवे क्रासिंग और खजांची चौराहे पर पुल का निर्माण चल रहा है। जबकि, ट्रांसपोर्टनगर नगर, गोरखनाथ ओवरब्रिज, पीपीगंज से घघसरा रेलवे क्रासिंग और राजघाट पर भी नए पुलों का निर्माण होना है।

क्योंकि, इस बार के बजट में यूपी सरकार ने सड़कों और पुलों के निर्माण के लिए 21159 करोड़ 62 लाख रूपए की व्यवस्था प्रस्तावित की है। जबकि, सड़कों और पुलों के अनुरक्षण के लिए 6209 करोड़ 50 लाख रूपए की व्यवस्था और रेलवे उपरिगामी पुलों के निर्माण के लिए 1700 करोड़ रुपये और अन्य पुलों के लिए 1850 करोड़ रूपये की व्यवस्था प्रस्तावित है। ऐसे में इस बजट के बाद गोरखपुर में चल रहे और प्रस्तावित पुलों के निर्मण में अब काफी तेजी आ जाएगी।

चौड़ी होंगी सड़कें
वहीं, गोरखपुर में मोहदृदीपुर से जंगल कौड़िया फोरलेन, असुरन से महाराजगंज फोरलेन और जेल बाईपास के फोरलेन बनने के साथ ही अब शहर की बाकी सड़कों का भी चौड़ीकरण तेजी से होगा। क्योंकि इन कामों के लिए भी यूपी सरकार ने इस बार झोली खोल दी है।

2022 में यूपी आए 24.87 लाख पर्यटक
बजट में विकास के साथ ही पर्यटन को भी इस बार काफी बढ़ाया जाएगा। गोरखपुर के साथ ही अयोध्या, वाराणसी, चित्रकूट, विन्ध्याचल, प्रयागराज, नैमिषारण्य, मथुरा, बटेश्वर धाम और अन्य महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों का पर्यटन विकास और सौन्दर्यीकरण के कार्य कराये जा रहे हैं। यूपी में साल 2022 में 24 करोड़ 87 लाख से अधिक पर्यटक आए, जिनमें भारतीय पर्यटकों की संख्या 24 करोड़ 83 लाख एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या 04 लाख 10 हजार से अधिक रही है।

इसके साथ ही प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने और जन सामान्य को यातायात की सुविधा देने के उद्देश्य से अन्तर्राष्ट्रीय/अन्तर्राज्यीय मार्गों का विकास, जिसके क्रम में 1024 किलोमीटर लंबाई की 87 सड़कों में से 75 सड़कों का निर्माण काम पूरा किया जा चुका है।

गोरखपुर में स्थापित हो सकता है फार्मा पार्क
इसके अलावा गोरखपुर के गीडा में प्लॉस्टिक पार्क के साथ ही फार्मा पार्क की भी स्थापना हो सकती है। यूपी में फार्मा पार्कों की स्थापना और विकास के लिए बजट में 25 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है। साथ ही औद्योगिक/लॉजिस्टिक पार्क के लिए 4 लेन मार्गो के चौड़ीकरण/ सुदृढीकरण/ निर्माण काम के लिए भी 50 करोड़ रूपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।

गोरखपुर में होगा फूड टेस्टिंग लैब
वहीं, खाद्य एवं औषधि विभाग के कार्यालय, लैब और मशीनों के लिए भी 200 करोड़ रुपए का बजट जारी किया गया है। जिससे कि गोरखपुर समेत प्रदेश के 14 मंडलों में खाद्य एवं औषधि विभाग के कार्यालय, लैब और मशीनों की स्थापना की जाएगी। जिससे कि अब फूड टेस्टिंग के लिए विभाग को सेंपल कहीं और नहीं भेजना पड़ेगा।

7 हजार लोगों के घर का सपना होगा पूरा
गोरखपुर के करीब 7000 लोगों कि अपने घर का सपना साकार होने वाला है। प्रदेश सरकार ने बजट में 12 लाख से भी ज्यादा प्रधानमंत्री आवासों के लिए 9000 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। डूडा परियोजना अधिकारी विकास कुमार सिंह ने कहा कि शहर में प्रधानमंत्री आवास के लिए करीब 7 हजार लोग पात्र पाए गए हैं। बजट में प्रावधान के बाद अब इनके लिए आवासों की डीपीआर तैयार कराई जाएगी।

गोरखपुर शहर में करीब 31 हजार प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हो चुके हैं। इनमें से करीब 24 हजार आवास बन कर तैयार हो चुके हैं। वहीं शहर के सात हजार लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें सर्वे में प्रधानमंत्री आवास के लिए पात्र पाया गया है। ऐसे में जल्द ही कार्यदायी एजेंसी के जरिए इनके आवासों के लिए डीपीआर तैयार होने की उम्मीद है।