
ऑनर किलिंगः सात साल बाद दादा ने लिया पोती के प्रेम विवाह का बदला
गोरखपुर. बदले की आग में जल रहे एक व्यक्ति ने सात साल बाद हत्या कर हिसाब चुकता किया। प्रेम विवाह से आक्रोशित लड़की के बाबा ने बदले की आग में सात साल बाद लड़के के पिता की हत्या कर दी। दोनों प्रेमियों के तीन छोटे बच्चे हैं। रविवार को दिलदहला देने वाली यह वारदात सिकरीगंज के शिवपुर गांव की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया है।
शिवपुर के रामकिशुन को सात साल पहले गांव की ही एक युवती से प्रेम हुआ। दोनों शादी कर घर बसाना चाहते थे। घरवाले इसके लिए तैयार नहीं थे। समाज जब इस प्रेमी युगल की राह में बाधा बना तो दोनों ने घर और गांव छोड़ने का फैसला किया। घर छोड़कर दोनों ने शादी कर ली। प्रेमिका के घरवालों ने कानूनी कार्रवाई की, लेकिन लड़की बालिग थी इसलिये पुलिस का हथकंडा भी काम न आया। पंचायत बुलाई गई, पंचायत ने दोनों प्रेमियों को गांव के बाहर कहीं भी बसने का फरमान सुना दिया।
दोनों ने पंचायत को मानते हुए गांव से कुछ दूर स्थित ढेबरा चैराहे के पास किराए के मकान में रहने लगे। इसके बाद लड़का चैराहा पर ही काम करने लगा। साल दर साल बीतने के साथ ही सब लोग इस घटना को बिसराने भी लगे थे लेकिन प्रेमिका के एक बाबा को यह बात जेहन में घर कर गई थी। वह जब भी कहीं गांव में बैठते तो प्रेमी या उसके पिता का गला काटने की बात कहते। लोग यूं ही इस बात को लेते। उधर, इस प्रेमी युगल को तीन बच्चे भी हो गए थे। घर ठीक से चल रहा था।
गांव में प्रेमी युवक के पिता व भाई का परिवार भी ठीक से रह रहा था। युवक के पिता रामगति नाव चलाते थे। गांव के पास बहने वाली कुआनों नदी में उनकी नाव चलती थी। रविवार को अपनी पारी होने की वजह से रामगति भी नाव किनारे लगाये थे। सवारी के इन्तजार में एक पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। इसी बीच कहीं से लड़की के बाबा लालबचन फरसा लेकर आया और रामगति पर वार कर गला काट दिया। आसपास के लोग दौड़े हुए आये और लालबचन को पकड़ने की कोशिश किये तो वह नदी उस पार भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
by Dheerendra V Gopal
Published on:
22 Oct 2017 07:29 pm
