14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गोरखपुर
Video अब थानों को कौन चला रहा, किसके इशारे पर बढ़ा है भ्रष्टाचार
Play video

Video अब थानों को कौन चला रहा, किसके इशारे पर बढ़ा है भ्रष्टाचार

  गोरखपुर उपचुनाव में सपा प्रत्याशी प्रवीण निषाद के पक्ष में जनसभा कर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर साधा निशाना

Google source verification

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में बुधवार को पूर्व सीएम अखिलेश यादव जमकर योगी पर बरसे। उन्होंने कहा कि मैं विधानसभा के सत्र में सुन रहा था। नेता प्रतिपक्ष को जवाब देते हुए नेता सदन योगी आदित्यनाथ खुद को हिंदू बताते हुए लंबाचैड़ा भाषण दे रहे थे। आप बताइए हम लोग कौन हैं। हमको पिछड़ा और दलित करार दिया जाता लेकिन वह बताएं क्या हम हिंदू नहीं हैं। हिन्दू की परिभाषा क्या है? वे कहते हैं कि वह हिंदू हैं। अगर वह हिंदू हैं तो हम क्या हैं?
चंपा देवी पार्क में सपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सपा मुखिया ने कहा बसपा से हमने गठबंधन कर लिया तो हमको और बसपा को सांप-छछूंदर बताया जा रहा। वह जो बहुत बोल रहे हैं उनको हमने संसद में चुप बैठे देखा है। उनको लोग टीवी पर सदन में रोते हुए भी देखे हैं। वह अब बताने लगे हैं कि हम सांप-छछूंदर हो गए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जब हम सत्ता में थे तो थाने से लेकर कहीं कोई यादव अधिकारी या कर्मचारी तैनात होता था तो उसे मेरा रिश्तेदार बताया जाता था। लेकिन लखनउ से लेकर यहां तक कौन थाने और कार्यालय को चला रहा। यह अब कौन बताएगा। वह क्यों नहीं बता रहे कि अब थानों में किसकी तैनाती हो रही, सरकारी आफिसों को कौन चला रहा।
उन्होंने कहा कि हम समाजवादी लोग लैपटाॅप बांटने वाले हैं, एंबुलेंस चलाने वाले हैं। मैं इंजीनियर हूं और हमने जिसको टिकट दिया वह भी इंजीनियर है।
सपा सुप्रीमो ने कहा कि नोटबंदी में किसके रुपये बैंकों में जमा हुए। हम गरीबों के। वह भ्रष्टाचार पर दूसरे को कटघरे में खड़ा करते थे। अब क्यों नहीं बता रहे कि काला धन कब आएगा। हम नहीं कह रहे आपकी सरकार के मंत्री और विधायक कह रहे कि भ्रष्टाचार कम नहीं हुआ बल्कि दुगुना हो गया। बैंकों से हजारों करोड़ रुपये लेकर वह जो भागा है उसे किसने भगाया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुटकी ली कि अब तो भ्रष्टाचारी पकड़े नहीं जा रहे बल्कि विदेश भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी सरकार के काम का मुकाबला नहीं कर सकती। उन्होंने पूछा कि 15 लाख कितने के अकाउंट में आए? अगर इस वादे पर आप वोट दे रहे हैं तो हम 30 लाख देने का वादा करेंगे।
बीआरडी मेडिकल काॅलेज का मुद्दा उठाते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि दर्जनों माताओं की गोद सूनी हो गई। आक्सीजन की कमी से बच्चे मरे और उनकी मां अपने बेटों का घर इंतजार करती रह गई। समय से बच्चों को ऑक्सिजन मिल जाती तो उनकी जान नहीं जाती। एक मां के तो कई साल बाद जुड़वां बच्चे हुए लेकिन आक्सीजन की कमी से दोनों बच्चे मर गए। हमारी सरकार नहीं थी तब भी हमने पीड़ित परिवारों की मदद की। हमारी सरकार मदद करती थी तो यही लोग हिंदू-मुस्लिम का चश्मा लगा देते थे। अब उनकी सरकार नहीं थी फिर भी मदद की तो किसकी की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमलावर होते हुए कहा कि बच्चे मरे तो मुख्यमंत्री कह रहे थे कि बच्चों के इलाज की जिम्मेदारी मेरी नहीं है। इनके मंत्री कहते हैं अगस्त में तो बच्चे मरते ही है। इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इन मौतों से हमारा कोई लेना देना नहीं है। अखिलेश यादव ने वादा किया कि समाजवादी सरकार आई तो बच्चों की मौत की जांच कराएगी, जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी।

सपा सरकार बनेगी तो चार गुना करेंगे पेंशन
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गोरखपुर में जनसभा में कहा कि भाजपा सरकार ने समाजवादी पेंशन बंद कर दिया है। अगर उनकी सरकार बनेगी तो वह अब समाजवादी पेंशन को चार गुना बढ़ा देंगे। पहले 500 मिलती थी, सत्ता में आएंगे तो 2000 रुपये हर महीना देंगे।
जनसभा को नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चैधरी, पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ.अयूब खान, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ.संजय निषाद सहित दर्जनों नेताओं ने संबोधित किया।