
गोरखपुर की गोरखनाथ पुलिस ने रविवार तीन तलाक देने वाले आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज किया। पीड़ित महिला ने पुलिस को दी तहरीर में दहेज की मांग पूरी न करने पर पति द्वारा तीन तलाक देने की बात कही है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
थाना हरपुर-बुदहट के मियां गांव निवासी शाहिना खातून की शादी 2 दिसंबर 2018 को जटेपुर उत्तरी निवासी मोहम्मद असलम से हुई थी। गोरखनाथ पुलिस को दी तहरीर में शाहिना ने लिखा है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति, सास, ननद, जेठ, देवरानी और देवर दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे।
आरोप है कि ससुराल वाले शाहिना पर पिता से एक लाख रुपये मांगकर लाने का दबाव बनाते थे। पिता की आर्थिक स्थिति ठीक न होने की वजह से उनकी मांग पूरी नहीं सकी। एक साल बाद बेटी पैदा होने पर ससुराल वालों ने शाहिना को और भी प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पिता और रिश्तेदार के समझाने पर वह यह सोचकर चुप रही कि ससुराल वाले कुछ दिन बाद सुधर जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
21 अप्रैल को ससुराल के लोगों ने शाहिना को कमरे में बंद कर बेरहमी से पिटाई भी की। इस दौरान ससुरालवालों ने महिला पर केरोसीन डालकर जलाने की भी कोशिश की। इस बीच शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने शाहिना की जान बचाई। जिसके बाद वह बेटी को लेकर मायके चली आई। 17 अप्रैल की दोपहर में उसके पिता के मोबाइल पर असलम ने फोन कर बात कराने को कहा। पिता के फोन देने पर उसने बात की तो गाली देने लगे। बातचीत के दौरान ही उसने फोन पर ही तीन तलाक बोल दिया।
प्रभारी निरीक्षक गोरखनाथ ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।छानबीन में जो भी तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
Published on:
27 Jun 2022 10:42 am
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
