गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर सहित पिकनिक स्पाॅट्स आदि जगहों पर अब एक नई प्रकार की पुलिस आपको दिखेगी। यह पुलिस आपसे अंग्रेजी में बात भी कर सकती है और आप मंदिर या शहर के बारे में इनसे जानकारी ले सकते हैं और किसी मुसीबत में फंसे हों तो मदद भी पा सकते हैं।
पर्यटन पुलिस के नाम से गठित इस पुलिस दस्ते के लोग बाईक व साईकिल से सवारी करेंगे। शहर के प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर, रेलवे स्टेशन, तारामंडल क्षेत्र सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर इनको तैनात किया गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर इनको रवाना किया। शहर में आने वाले पर्यटकों के लिए फिलहाल 12 दस्ते तैनात किए गए हैं। इनमें सात बाइक और चार साइकिल दस्ते बनाए गए। हर दस्ते में दो पुलिसकर्मी रहेंगे।
आईजी जोन मोहित अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सिविल पुलिस के ऐसे जवानों को इस दस्ते में शामिल किया गया है जो अंग्रेजी बोलने में सक्षम हो। युवा व स्मार्ट पुलिसवालों को इसमें लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि यह दस्ता पर्यटकों को पैंपलेट भी बांटेगा। इनमें महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों की जानकारी तो होगी ही साथ ही शहर में ठहरने के लिए होटलों-गेस्ट हाउस, ट्रेनों की समयसारिणी, बसों और फ्््लाइट के बारे में जानकारी होगी। पर्यटन पुलिस किसी भी संकट की स्थिति में पर्यटकों की पूरी मदद करेगी। पर्यटकों के चोरी या किसी अन्य आपराधिक घटना के शिकार होने की स्थिति में पर्यटन पुलिस सिविल पुलिस की मदद से उन्हें सहायता देगी।