
पिता ने अपने ही इकलौते बेटे की हत्या कर तालाब में फेंका शव, PC- Patrika
ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के सिरसा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एक पिता ने अपने इकलौते 13 साल के बेटे सुधांशु की निर्मम हत्या कर दी। मात्र संपत्ति के विवाद में बदला लेने के लिए उसने अपने बच्चे को मौत के घाट उतार दिया और परिवार के अन्य सदस्यों को फंसाने की ठंडी साजिश रची।
सुधांशु आठवीं कक्षा में पढ़ता था। परिवार में वह अकेला बेटा था। बुधवार को प्रदीप उर्फ पप्पी अपने बेटे को लेकर कार से घर से निकला। शाम को जब वह अकेला लौटा तो परिवार ने पूछा, "सुधांशु कहां है?" प्रदीप ने लापरवाही से कहा, 'रिश्तेदार के यहां छोड़ आया हूं।' रात बीतती गई, बेटा नहीं लौटा। परिवार चिंतित हुआ तो प्रदीप अलग-अलग कहानियां सुनाने लगा, कभी कहा दोस्त के यहां छोड़ा, कभी रिश्तेदार के यहां...बताता तो कभी कुछ बता देता। उसकी हरकतों से परिवार वालों को शक होने लगा।
परिवार के अन्य सदस्यों को जब शक हुआ तो प्रदीप के भाई (सुधांशु के चाचा) ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में सुधांशु आखिरी बार अपने पिता के साथ जाता दिखा। पुलिस की सख्त पूछताछ में प्रदीप के बयान बार-बार बदलने लगे। आखिरकार उसने बेहद क्रूर कबूलनामा दे दिया।
प्रदीप ने बताया कि उसने पहले अपने बेटे सुधांशु का गला दबाकर हत्या कर दी। फिर शव को घर से दूर सड़क किनारे एक तालाब में फेंक दिया। उसका मकसद था कि मामला अपहरण या बाहरी हत्या का लगे और परिवार के अन्य सदस्यों पर शक हो। वह संपत्ति के विवाद में अपने रिश्तेदारों से बदला लेना चाहता था।
आसपास के लोगों ने तालाब में शव को देखा और पुलिस को सूचना दी। जब शव निकाला गया तो परिवार वाले सदमे में चले गए। सुधांशु की पहचान होने पर माहौल भारी हो गया। पूछताछ के दौरान प्रदीप ने चाकू से खुद के गले पर वार कर आत्महत्या करने की कोशिश भी की, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने रोका। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है।
Published on:
08 May 2026 03:39 pm
बड़ी खबरें
View Allग्रेटर नोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
