
साजन की फाइल फोटो
ग्रेटर नोएडा के साकीपुर गांव में LLB छात्र साजन भाटी हत्याकांड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। 3 मिनट 5 सेकेंड के इस फुटेज में गोली चलने से पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद, मारपीट और फायरिंग के बाद का घटनाक्रम कैद हुआ है। वीडियो में गोलियों की आवाज और उसके बाद लोगों में मची भगदड़ साफ सुनाई देती है।
सामने आए CCTV फुटेज में शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बहस होती सुनाई देती है। इसी दौरान एक आवाज आती है कि तू मार देगा? इसके जवाब में दूसरी तरफ से आवाज आती है कि हां, हम मार देंगे। इसके बाद कुछ ही सेकेंड बाद गोलियों की आवाज सुनाई देती है। गोली चलते ही गली में भगदड़ मच जाती है।
मामला सूरजपुर थाना क्षेत्र का है।यहां के साकीपुर गांव निवासी साजन भाटी (25) की मंगलवार देर रात पड़ोसियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। साजन एक शादी समारोह से लौटकर घर पहुंचा था। आरोप है कि घर के बाहर पहले से मौजूद पड़ोसी मंगेश उर्फ टिल्लू, उसका भाई वीर सिंह और अन्य लोग उससे भिड़ गए।
परिजनों के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपियों ने साजन के साथ पहले मारपीट की। इसके बाद मंगेश उर्फ टिल्लू ने तमंचे से फायरिंग कर दी। दो गोलियां साजन के पेट और एक गोली जांघ के ऊपरी हिस्से में लगी। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद साकीपुर गांव में तनाव की स्थिति है। इस मामले में पुलिस ने टिल्लू और उसके भाई वीर सिंह दोनों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि चार दिन पहले नाली के पास कूड़ा जलाने को लेकर दोनों परिवारों में विवाद हुआ था। उसी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। साजन की एक साल पहले ही शादी हुई थी।
Updated on:
08 May 2026 03:29 pm
Published on:
07 May 2026 06:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
