
शादी से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या
Greater Noida News:दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में नशे में धुत आरोपियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। दरअसल, मंगलवार देर रात शादी समारोह से घर लौट रहे 35 वर्षीय साजन को उसके पड़ोसियों ने गोलियों से भून दिया। वहीं, हत्या के पीछे वजह पुरानी रंजीश बताई जा रही है।
आपको बता दें कि यह पूरा मामला सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के साकीपुर गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार, 35 साल का साजन मंगलवार रात करीब 12:30 बजे अपने दोस्तों के साथ एक शादी समारोह से वापस आ रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे उसके पड़ोसी मंगेश और उसके तीन साथियों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर नशे की हालत में मौजूद मंगेश ने साजन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनकर जब तक लोग मौके पर पहुंचे, आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।
परिजनों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल साजन को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि साजन और आरोपी मंगेश के बीच काफी समय से घर के बाहर कूड़ा फेंकने को लेकर विवाद चल रहा था, जिसने इस हिंसक वारदात का रूप ले लिया।
वहीं, इस मामले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इस वारदात को लेकर डीसीपी सेंट्रल नोएडा, शैलेंद्र कुमार ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है, जिसमें यह स्पष्ट हुआ है कि घटना के समय मुख्य आरोपी मंगेश और उसके साथी नशे की हालत में धुत्त थे। नशे के प्रभाव और पुरानी रंजिश के चलते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने साजन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने इस जघन्य अपराध को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित पक्ष की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी मंगेश के साथ-साथ वीर सिंह, श्रीपाल और कुछ अन्य अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इन नामजद आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है ताकि उन्हें जल्द से जल्द कानून के कटघरे में लाया जा सके।
Updated on:
06 May 2026 11:36 am
Published on:
06 May 2026 11:35 am
बड़ी खबरें
View Allग्रेटर नोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
