
ग्रेटर नोएडा की वेदांतम सोसायटी के 17वें फ्लोर पर लगी भीषण आग।
ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-16 सी स्थित वेदांतम सोसायटी में दिवाली की रात एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह आग पटाखों के पास दीपक रखने के कारण लगी। सोसायटी के 17वें फ्लोर पर लगी आग ने देखते ही देखते 18वीं मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और टावर को तत्काल खाली कराया गया। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के एक घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक फ्लैट और समान जलकर खाक हो गया था। लोगों ने घटना के बाद बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर देर रात तक हंगामा भी किया।
दरअसल, वेदांतम सोसायटी के 17वें फ्लोर पर फ्लैट नंबर 1704 में आईजीएल कंपनी में काम करने वाले कमलेश परिवार के साथ रहते हैं। लोगों ने बताया कि दिवाली मनाने के दौरान पटाखों के पास जलता हुआ दिया रख दिया गया था। जिस कारण आग लगी और देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग पूरे फ्लैट में फैल गई। गनीमत रही कि फ्लैट में मौजूद कमलेश के साथ पत्नी और बच्चे समय रहते बाहर निकल गए। इसके बाद पूरी टावर को खाली करा दिया गया। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के एक घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची।
लोगों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
फायर बिग्रेड के देरी से पहुंचने और सोसायटी का फायर एनओसी नहीं होने पर लोगों ने जमकर हंगामा किया और सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझाते हुए जाम खुलवाया। वहीं सीएफओ अरुण कुमार सिंह ने गाड़ियों के देर से पहुंचने के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि आग लगने की सूचना 10.05 बजे मिली थी और 11.00 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया था। उन्होंने बताया कि दिवाली होने के कारण गौड़ चौराहे पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी लगाई गई थी। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा से भी तीन गाड़ियां मंगाकर चार गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
बिल्डिंग का फायर सिस्टम नहीं कर रहा था काम
सीएफओ का कहना है कि जब दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे तो पता चला कि आग 17वें फ्लोर पर लगी है। बिल्डिंग का फायर सिस्टम भी काम नहीं कर रहा था। 17वें फ्लोर तक दमकल कर्मियों ने होज पाइप डालकर आग को बुझाना शुरू किया, लेकिन आग की लपटें बालकनी के रास्ते 1804 नंबर फ्लैट तक भी पहुंच गई थीं। फ्लैट नंबर 1704 में काफी नुकसान हुआ है। जबकि फ्लैट नंबर 1804 जल गया था। इस आग में कोई जनहानि नहीं हुई है ना कोई घायल हुआ है।
Published on:
25 Oct 2022 09:06 am

बड़ी खबरें
View Allग्रेटर नोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
वो आए और पांच हजार दे गए…इंजीनियर मौत मामले के चश्मदीद ने रुपये लेते हुए वायरल वीडियो को बताया फर्जी

