
Eastern Corridor
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के ईस्टर्न कॉरिडोर का बहुत जल्द शुभारंभ होने वाला है। उम्मीद जताई गई है कि 30 सितंबर से मालगाड़ियों का संचालन शुरू हो जाएगा। ईस्टर्न कॉरिडोर पर ट्रायल भी शुरू हो गया है। कॉरिडोर की लिंक लाइन खुर्जा से दादरी तक तैयार की जा चुकी है जिस पर अब तक दो बार ट्रायल किया गया है। 14 अगस्त को इस लाइन पर दोबारा ट्राई किया गया जो बिल्कुल सफल बताया गया। वहीं, 30 सितंबर से पहले इलेक्ट्रिक इंजन और खाली मालगाड़ियों को दौड़ाकर लिंक लाइन का एक और ट्रायल किया जाएगा। तय तिथि के अनुसार, 10 सितंबर से खुर्जा से दादरी के बीच खाली मालगाड़ियां चलाई जाएंगी। लिंक लाइन पर 75 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से मालगाड़ियां चलेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका शुभारंभ करेंगे।
15 अगस्त से पहले होना था उद्घाटन
दरअसल, लिंक लाइन का उद्घाटन 15 अगस्त से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना था। मगर समय न मिल पाने के कारण उद्घाटन तिथि आगे बढ़ गई। वहीं, अधिकारियों के मुताबिक 30 सितंबर तक दादरी से खुर्जा के बीच लिंक लाइन को चालू कर दिया जाएगा। मालगाड़ियां चलना शुरू हो जाएंगी। दादरी से खुर्जा और फिर इलाहाबाद तक मालगाड़ियां जा सकेंगी। इसके बाद छह महीने बाद बिहार ईस्टर्न कॉरिडोर शुरू हो जाएगा।
यह भी पढ़ें - फिर बढ़ रहा कोरोना का कहर, लखनऊ में 157 पॉजिटिव केस
ईस्टर्न कॉरिडोर को वेस्टर्न कॉरिडोर से जोड़ेगी लिंक लाइन
डीएफसीसी के अफसरों ने कहा कि ईस्टर्न कॉरिडोर की लिंक लाइन कॉरिडोर को वेस्टर्न कॉरिडोर से जोड़ेगी। साथ ही कंटेनर डिपो, एनटीपीसी दादरी और दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग जंक्शन दादरी को जोड़ेगी। इससे दिल्ली एनसीआर को काफी फायदा होगा। लिंक से कनेक्टिविटी बढ़ेगी।
इससे पहले रविवार को डीएफसीसीआईएल के मुख्य महाप्रबंधक अनिल कालरा ने डीजल इंजन से ईस्टर्न कॉरिडोर की लिंक लाइन का दादरी से खुर्जा तक ट्रायल किया। डीएफसीसी के अफसरों ने बताया कि ट्रायल सफल रहा है। यह रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दी जाएगी।
Published on:
15 Aug 2022 07:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
