ग्रेटर नोएडा

Greater Noida : साउथ कोरियाई कंपनी ग्रेटर नोएडा में करेगी 500 करोड़ निवेश, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

साउथ कोरिया की प्रमुख कंपनी गैंगनम स्ट्रीट एवं जीएच ग्लोबल ने आईआईटीजीएनएल के इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में अपनी होम अप्लायंसेस उत्पादन इकाई स्थापित करने इच्छा जताई है। कंपनी करीब 22 एकड़ जमीन खरीदकर करीब 500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और दो हजार युवाओं को रोजगार भी देगी।

2 min read

ग्रेटर नोएडा के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और डीएफसीसी के ईस्टर्न वेस्टर्न कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट के चलते ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विदेशी कंपनियां निवेश करने दिलचस्पी दिखा रही हैं। साउथ कोरिया की प्रमुख कंपनी गैंगनम स्ट्रीट एवं जीएच ग्लोबल जो होम अप्लायंसेस बनाने की अग्रणी कंपनी है। उन्होंने आईआईटीजीएनएल के इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में अपनी उत्पादन इकाई स्थापित करने इच्छा जताई है। इसके लिए करीब 22 एकड़ जमीन खरीदने तथा करीब 500 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना है। इससे करीब दो हजार युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

साउथ कोरियाई कंपनी गैंगनम स्ट्रीट व जीएच ग्लोबल के प्रतिनिधियों पार्क सिंक्यू, शिन जिनबम, सोन्ग क्योंगजोंग, किम हैसिक, संजीव राठी और अरिंदम बोस ने आईआईटीजीएनएल के एमडी व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ सुरेन्द्र सिंह से मुलाकात की और अपने प्रस्ताव से अवगत कराया। सीईओ ने प्रतिनिधिमंडल को आईआईटीजीएनएल के स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर और प्लग एंड प्ले सिस्टम से अवगत कराया। ऑटोमेटिक वेस्ट कलेक्शन प्लांट के बारे में भी जानकारी दी। दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से कनेक्टिविटी, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब और मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब से मिलने वाले फायदों के बारे में भी जानकारी साझा की।

सुविधाओं को देख जताई निवेश की इच्छा

सीईओ ने यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे समेत आसपास के मार्गों से कनेक्टिविटी को भी प्रेजेंटेशन के माध्यम से दिखाया। इसके बाद कंपनी प्रतिनिधियों ने इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। प्राधिकरण के एसीईओ अमनदीप डुली और आईआईटीजीएनएल के कंपनी सेक्रेटरी पतंजलि नारायण दीक्षित ने मौके पर कोरियाई प्रतिनिधि मंडल को टाउनशिप के प्लग एंड प्ले सिस्टम और ऑटोमेटिक वेस्ट कलेक्शन प्लांट और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

होम अप्लायंसेस का होगा उत्पादन

प्रतिनिधियों ने टाउनशिप में 22 एकड़ जमीन खरीदने की इच्छा जताई और शीघ्र ही आवेदन करने की बात कही। एसीईओ ने कंपनी प्रतिनिधियों को बताया कि आवेदन से लेकर आवंटन तक की सारी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जाएगी। यह कंपनी होम अप्लांयसेस का उत्पादन करेगी। इस कंपनी के लगने से करीब 500 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 2000 युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

पांच बड़ी कंपनियां लगा रही प्लांट

बता दें कि इंटीग्रेटेड टाउनशिप को डीएमआईसी और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के संयुक्त उपक्रम डीएमआईसी इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप ग्रेटर नोएडा लिमिटेड की तरफ से करीब 750 एकड़ में विकसित किया गया है। इस टाउनशिप में अब तक पांच बड़ी कंपनियां अपना प्लांट भी लगा रही हैं। इनमें हायर इलेक्ट्रॉनिक्स, फॉर्मी मोबाइल, सत्कृति इंफोटेनमेंट, चेनफेंग (एलईडी कंपनी), जे वर्ल्ड इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं। एक अन्य कंपनी गुरु अमरदास इंटरनेशनल भी इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में शीघ्र ही अपनी इकाई लगाने जा रही है।

Published on:
22 Sept 2022 10:11 am
Also Read
View All

अगली खबर