
सीरिया और ईरान का आरोप- अमरीका डाल रहा है राजनीतिक संकट के समाधान में बाधा
दमिश्क। सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद व एक ईरानी अधिकारी ने सोमवार को एकमत होकर बयान दिया कि अमरीका द्वारा सीरिया के राजनीतिक समाधान की प्रक्रिया में बाधा डाली जा रही है। इस बयान के बारे में सरकारी समाचार एजेंसी से जानकारी मिल रही है। बताया जा रहा है कि यह टिप्पणी असद ने सीरिया के दौरे पर आए ईरान के विदेश मंत्री के राजनीतिक मामलों के विशेष सहायक हुसैन जबेरी अंसारी के साथ राजधानी दमिश्क में मुलाकात के दौरान की।
संवैधानिक समिति के गठन पर चर्चा
मीडिया रिपोर्ट की माने तो उन्होंने कथित तौर पर आतंकवादरोधी प्रयासों और राजनीतिक प्रक्रिया में प्रगति जिसमें खास तौर से सीरियाई संविधान के अध्ययन के लिए संवैधानिक समिति के गठन पर चर्चा की। अंसारी ने संवैधानिक समिति के गठन के साथ ही इसकी कार्य की प्रणाली को लेकर सीरिया के विदेश मंत्री वालिद अल मोल्लेम से भी मुलाकात की।
समिति 2018 के अंत तक अपना कामकाज शुरू कर देगी
दरअसल सीरिया में संवैधानिक समिति का गठन एक जटिल मुद्दा बन चुका है। हाल ही में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी टिप्पणी में कहा था कि वह उम्मीद करते हैं कि समिति 2018 के अंत तक अपना कामकाज शुरू कर देगी। संवैधानिक समिति में 150 सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है। समिति को समान रूप से तीन भागों में विभाजित किया जाएगा। इसमें एक समूह को सरकार, दूसरे समूह को विपक्ष व तीसरे समूह को सीरिया के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष राजनयिक स्टाफेन डी मिस्टुरा द्वारा चुना जाना है।
Published on:
13 Nov 2018, 7:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.