25 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गुना में बेहोश हुए पति-पत्नी, 36 घंटे बाद जयपुर में खुली आंखें, ट्रेन में लाखों की चोरी

Bhopal Jodhpur Express: भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस में सफर के दौरान सामने बैठे युवक ने विश्वास जीतकर पानी में नशीला पदार्थ मिला दिया। गुना स्टेशन आते-आते पति-पत्नी बेहोश हो गए और आरोपी सोने-चांदी के जेवर व नकदी लेकर फरार हो गया।
2 min read
Google source verification

गुना

image

Avantika Pandey

Jun 25, 2026

Bhopal Jodhpur Express Theft

Bhopal Jodhpur Express Theft भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस में दंपती को नशीला पानी पिलाकर लूट (source: patrika)

Bhopal Jodhpur Express Theft: भोपाल से जयपुर जा रहे एक दंपती को ट्रेन में नशीला पानी पिलाकर लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस में सफर के दौरान सामने बैठे युवक ने विश्वास जीतकर पानी में नशीला पदार्थ मिला दिया। गुना स्टेशन आते-आते पति-पत्नी बेहोश हो गए और आरोपी सोने-चांदी के जेवर व नकदी लेकर फरार हो गया।

जयपुर जीआरपी ने शून्य पर एफआइआर दर्ज कर केस डायरी गुना जीआरपी को भेज दी है। वारदात गुना स्टेशन के पास होना सामने आने पर अब आगे की जांच गुना जीआरपी करेगी।

18 जून की रात हुई वारदात

फरियादी नर्मदा प्रसाद अहिरवार (41) निवासी जातखेड़ी, मिसरोद भोपाल ने बताया कि वे 18 जून को पत्नी कृष्णा बाई के साथ ट्रेन नंबर 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच से जयपुर जा रहे थे। भोपाल से ही सामने वाली सीट पर करीब 25 साल का गठीले बदन का युवक बैठा था। पीली टी-शर्ट पहने और छोटे बालों वाले उस युवक ने बताया कि वह दिल्ली जा रहा है।

पानी लाने के बहाने मिलाया नशा

रात करीब 9.30 बजे दंपती ने घर से लाया खाना खाया। पानी कम पड़ने पर बोतल मांगी तो सामने बैठे युवक ने खुद लाकर देने की बात कही। उसने पानी वाले से बोतल लेकर चालाकी से ढक्कन खोल दिया। शक न हो इसलिए खुद भी पानी पीने का नाटक किया। इसके बाद दंपती ने पानी पिया और गुना आते-आते बेहोश हो गए।

36 घंटे बाद जयपुर अस्पताल में आया होश

नर्मदा प्रसाद ने बताया कि पानी पीने के बाद रात 10 बजे तक होश था। फिर वे बेहोश हो गए। जयपुर स्टेशन आने पर हल्का होश आया, लेकिन पूरी तरह होश 36 घंटे बाद अस्पताल में आया। नाक में नली लगी थी और बच्चे भी पहुंच चुके थे। उन्हें याद नहीं कि जीआरपी ने कब उतारा और अस्पताल पहुंचाया।

73 ग्राम चांदी की चेन, मंगलसूत्र समेत 9 हजार नकद ले गया

होश आने पर देखा तो नर्मदा प्रसाद के गले से 73 ग्राम की चांदी की चेन, 159 ग्राम का चांदी का ब्रेसलेट और पर्स से 4000 रुपए गायब थे। पत्नी कृष्णा बाई के गले से सोने का मंगलसूत्र और पर्स से 5000 रुपए चोरी हो चुके थे।

बिहारी भाषा बोल रहा था आरोपी

पीड़ित ने बताया कि आरोपी बिहारी भाषा में बात कर रहा था। शक है कि उसी ने नशीला पदार्थ मिलाकर लूट की और गुना स्टेशन पर उतरकर भाग गया। जीआरपी ने बीएनएस की धारा 305(सी) और 123 के तहत केस दर्ज किया है।