16 दिसंबर 2025,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयवर्धन सिंह की तीसरे मोर्चे से हाथ जोड़ कर प्रार्थना, बोले- कांग्रेस का साथ दें!

भीम आर्मी के चंद्रशेखर रावण के प्रदर्शन के बाद कांग्रेस में खलबली

2 min read
Google source verification

गुना

image

Praveen Mishra

Feb 19, 2023

जयवर्धन सिंह की तीसरे मोर्चे से हाथ जोड़ कर प्रार्थना, बोले- कांग्रेस का साथ दें!

जयवर्धन सिंह की तीसरे मोर्चे से हाथ जोड़ कर प्रार्थना, बोले- कांग्रेस का साथ दें!

गुना. 12 फरवरी को भोपाल में आयोजित भीम आर्मी के जंगी प्रदर्शन के बाद कांग्रेस में खलबली मची हुई है। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले तीसरे मोर्चे की एंट्री ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चंद्रशेखर रावण की एंट्री के बाद पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सभी से आग्रह है कि कांग्रेस का साथ दें, क्योंकि यदि मध्यप्रदेश में तीसरा मोर्चा खड़ा होता है तो इसका सीधा लाभ भाजपा को ही मिलेगा।

जयवर्धन सिंह ने गुना में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि एससी और एसटी वर्ग के लिए जितना काम कांग्रेस ने किया है उतना किसी दूसरी पार्टी ने नहीं किया है। हम सभी मिलकर उन अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे, जो रह गए हैं। यदि तीसरा मोर्चा आता है तो उन पार्टियों को नुकसान होता है, जो संविधान में विश्वास रखती हैं। जयवर्धन ने एक उदाहरण देते हुए बताया है कि उत्तरप्रदेश में बसपा की सरकार बनने के बावजूद अनुसूचित जाति के हित में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ है। जबकि मध्यप्रदेश की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने अजा वर्ग को पट्टे प्रदान किए थे। जयवर्धन ने दावा किया है कि कांग्रेस ने हमेशा अनुसूचित जाति की आवाज उठाई है, उनके मुद्दे बुलंद किए हैं। जयवर्धन सिंह ने अपने पिता दिग्विजय सिंह का उदाहरण देते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह ने खुद भी भीम आर्मी के द्वारा उठाई गई मांगों का समर्थन किया है। गुना जिले में सांसद डॉ. यादव का लगातार अपमान होने पर जयवर्धन सिंह ने चिंता जाहिर की है। उन्होंने भाजपा के मंत्रियों पर शोषण करने का आरोप जड़ा है।
-

कमर कसकर उतरना होगा चुनाव मैदान में:जयवर्धन

जयवर्धन सिंह ने बरखेड़ा में आयोजित पार्टी के अधिवेशन में सभी कार्यकर्ताओं से कमर कस कर मैदान में उतरने की अपील करते हुए कहा कि जनता को 100 रुपये महीने वाला बिजली बिल कांग्रेस सरकार देगी, ओल्ड पेंशन भी हम शुरू करेंगे। गैस सिलेंडर भी राजस्थान सरकार की तरह 500 रुपए वाली योजना शुरू करेंगे। गांव की कुटीर को भी शहर की तरह ढाई लाख कराएंगे। भाजपा के भ्रष्टाचार और पैसे हड़पने की बात, झूठे मुकदमों में गांव वालों को फंसाने की एक एक बात हमें गांवों चौपालों में सबको बताना है। इस अवसर पर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मेहरबान सिंह, शहर अध्यक्ष हरि विजयवर्गीय, सुमेर सिंह, मानसिंह, नुरूलहसन नूर, विश्वनाथ तिवारी, प्रकाश धाकड़ सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद थे।
जयवर्धन ने दो टूक कहा है कि महाराज भाजपा के लोग अहंकार में आ गए हैं और पुरानी भाजपा नाराज भाजपा बन चुकी है। शिला पट्टिकाओं से गुना सांसद डॉ. केपी यादव का नाम गायब होने की घटना पर जयवर्धन सिंह ने मंत्री और प्रशासन को उनसे माफी मांगने की सलाह दी है। रीवा दौरे पर ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा क्रिकेट का शॉट लगाने पर घायल हुए कार्यकर्ता के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए जयवर्धन ने तंज कसा है। उनके मुताबिक ज्योतिरादित्य सिंधिया के बल्ले से लोग और भाजपा में उनके आने से कार्यकर्ता राजनीतिक स्तर पर घायल हो रहे हैं। दरअसल, 12 फरवरी को भोपाल में भीम आर्मी द्वारा बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया गया था । जिसके बाद राजनीति में उथल-पुथल शुरू हो गई है। कांग्रेस को डर है कि यदि तीसरा मोर्चा प्रदेश में एंट्री करता है तो कांग्रेस को बड़ा नुकसान होगा। भाजपा के खिलाफ जिस एंटी इनकम्बेंसी को लेकर कांग्रेस चुनाव में उतरना चाहती है कहीं उसकी हवा न निकल जाए।जयवर्धन सिंह कुछ देर के लिए गुना रुके थे।