
रूस-यूक्रेन युद्ध बढ़ा रहा महंगाई : 22 दिन में 63 रुपए का सरिया पहुंचा 84 रुपए तक, सीमेंट और रेत की रेट भी बढ़ी
गुना. रुस-यूक्रेन युद्ध का असर अब दूसरे देशों के साथ-साथ गुना पर भी दिखने लगा है। निर्माण सामग्री समेत पेट्रोल, घरेलू सिलेंडर तथा खाद्य तेलों पर पडऩे लगा है। वहीं रूस का हमला होने से पहले गुना में निर्माण में उपयोग आने वाले लोहे के सरिए की कीमत जो 63 रुपए थी वह बढ़कर 82-85 रुपए प्रति किलो हो गई है। लगातार सरिया की कीमतों में आई तेजी के कारण बाजार में मांग भी कम हुई है। इसका कारण बिल्डरों ने अपने कई प्रोजेक्ट पर काम रोक दिए हैं। कमोवेश यही हाल सीमेंट, रेत और ईंट के भी हैं। दरअसल इन दोनों देशों से सप्लाई रुकी तो भारत के निर्यातकों ने लोहा-कोयला भेजना शुरू कर दिया। इससे घरेलू बाजार में मंहगाई बढ़ गई है। वहीं खाद्य तेलों के दाम में काफी ज्यादा इजाफा हुआ है। एक महीने पहले जहां तेल का दाम 135 रुपए किलो था वह आज 180 तक पहुंच गया है। उपभोक्ता पर सबसे ज्यादा मार घरेलू सिलेंंडर के दाम बढऩे से पड़ी है। वर्तमान में 50 रुपए का इजाफा करने से घरेलू सिलेंडर की कीमत 1012 रुपए हो गई है।
जानकारी के मुताबिक आम जनता कोरोना संक्रमण के बाद पहले से ही महंगाई और आर्थिक तंगी का सामना कर रही थी। जैसे-जैसे व्यवस्था पटरी पर आती दिख रही थी। इसी बीच रूस-यूके्रन युद्ध ने एक बार फिर आम जनता पर महंगाई का चाबूक चला दिया है। गौर करने वाली बात है कि जिन वस्तुओं के दाम बढ़े हैं, उनका हर व्यक्ति के लिए अनिवार्य है। जैसे कि इन दिनों हर वह व्यक्ति जिसके पास अपना खुद का पक्का मकान नहीं है। वह पीएम आवास योजना का लाभ लेकर पक्का मकान बना रहा है। तो वहीं अधिकांश लोग ऐसे भी हैं जो मकान बनाने का काम शुरू करने वाले थे। क्योंकि हाल ही में उनके खाते में पीएम आवास योजना के तहत पहली किश्त की राशि आ चुकी है। वहीं कई सरकारी और निजी प्रोजेक्ट भी शुरू होने वाले थे तथा कुछ निर्माणाधीन हैं। ऐसे में बिल्डिंग मटेरियल सीमेंटर, सरिया की रेट बढऩे से निर्माण कार्य अटकते दिखाई दे रहे हैं। कुछ प्रोजेक्ट तो ऐसे हैं जो पहले ही महंगाई की मार की वजह से रुक गए हैं। क्योंकि ठेकेदार ने जिस रेट पर काम लिया था, उस रेट पर उसे वर्तमान में काम करना मुश्किल हो रहा है। कुल मिलाकर आम आदमी का अपने घर का सपना फिलहाल सपना ही नजर आ रहा है। क्योंकि रुस-यूक्रेन युद्ध लंबा खिंचता नजर आ रहा है। वहीं आगामी समय में और ज्यादा गंभीर परिणाम सामने आने की आशंका व्यक्ति की जा रही है। ऐसे में हर वर्ग को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
ऐसे बढ़ी बिल्डिंग मटेरियल की कीमतें
सामग्री- 28 फरवरी-22 मार्च
सरिया प्रति क्विंटल- 7000- 82-8500 रुपए
सीमेन्ट प्रति बोरी- 320-350-360
भसुआ1000 फीट- 45000-62-63 हजार
ईंट प्रति हजार- 4000-4800
गिट्टी 1000 फीट- 12000-13-13500 रुपए
मकान बनना भी हुआ महंगा
ठेकेदार संजय किरार के अनुसार एक हजार वर्गफीट का मकान बनाने में पहले जहां दस से 11 लाख रुपए का खर्चा आता था। वहीं अब लोगों को 13 से 14 लाख रुपए खर्च करना पड़ रहे हैं। आलम यह है कि कई लोगों ने इस महंगाई के चलते अपने निर्माण कार्य को आने वाले तीन-चार माह के लिए टाल दिए हैं।
कोयला के दाम बढऩे से ईंट भी हुई महंगी
गुना शहर के एक सरिया कारोबारी बताते हैं कि सरियों के दामों में रिकार्ड तोड़ बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। समझ में ही नहीं आ रहा है आगे क्या होगा। सीमेन्ट कारोबारी संजीव शर्मा बताते हैं कि सीमेन्ट के बढ़ते दामों का डिमांड पर असर पड़ रहा है। ईंट और रेत कारोबारी महावीर प्रजापति बताते हैं कि ईंट के भट्टे में उपयोग होने वाला कोयला 7 रुपए से बढ़कर 25 रुपए किलो हो चुका है। वहीं रेत व गिट्टी के दामों में बढ़ोत्तरी होने से इनकी बिक्री घट रही है जिसका असर बाजार पर पड़ता दिखाई दे रहा है।
लागत बढ़ी 33 फीसदी तक
कॉलोनाइजर अखिलेश जैन, प्रमोद गुप्ता, महावीर जैन, आशीष जैन अस्सू, मुकेश राठौर, दीपक रघुवंशी, भानु सिसौदिया जैसे कई कॉलोनाइजरों ने बताया कि सरिया कुछ समय पूर्व 60 से लेकर 70 रुपए तक बिक रहा था। अब 82 से लेकर 84 रुपए प्रति किलो बिक रहा है, सरिया, सीमेन्ट, और लेबर के महंगा होने से लागत 33 फीसदी तक बढ़ चुकी है। अब तो कई हमारे साथियों ने जिनके बिल्डिंग प्रोजेक्ट चल रहे थे, उनको रोक दिया है। हालांकि अप्रैल में सीमेंट के दाम कम होने की संभावना जताई जा रही है।
घर का भी बिगड़ा बजट
उधर निर्माण सामग्री के अलावा अन्य वस्तुओं के दाम देखें जाए ता पेट्रोल व घरेलू सिलेण्डर के भी दाम बढ़ गए हैं जिससे घरेलू बजट भी गड़बड़ाने लगा है। वहीं पेट्रोल के दाम बढ़कर 109.03 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं। ऐसे ही खाने का तेल जो युद्ध से पहले 130 रुपए चल रहा था उसके दाम अब 135 से 180 रुपए लीटर हो गया है। इस युद्ध का असर सिलेण्डर पर भी पड़ा है अब यह सिलेण्डर 1012 रुपए का हो गया है।
-
दूध के भी बढ़े दाम
इसी तरह सांची डेयरी ने अपने दूध के दाम पांच रुपए तक बढ़ा दिए हैं। अब दूध का एक लीटर का पैकेट 48 रुपए की जगह 53 रुपए में मिलेगा। फुल क्रीम दूध पांच सौ लीटर का पैकेट पहले 27 रुपए में मिलता था, वह अब 29 रुपए में मिलेगा। एक लीटर का पैकेट अब 57 रूपए में आएगा, जो पहले 53 रुपए का था। स्टैण्डर्ड दूध शक्ति 500 लीटर का पैकेट 25 रुपए की जगह अब 27 रुपए में मिलेगा। टोंड दूध ताजा 500 लीटर का पैकेट 22 रुपए की जगह अब 24 रुपए का हो गया है। वहीं डबल टोंड दूध स्मार्ट 500 लीटर का पैकेट 22 की जगह 24 रुपए का हो गया है, वहीं डबल टोंड दूध स्मार्ट 200 लीटर का 9 की बजाय 10 रुपए में मिलेगा
Published on:
23 Mar 2022 12:34 pm
बड़ी खबरें
View Allगुना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
