
सोनिया पर खट्टर की टिप्पणी से बवाल, भाजपा कार्यालय के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन
गुरुग्राम. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के बहादुरगढ़ में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर की टिप्पणी के बाद दिल्ली में सियासत गर्मा गई। कांग्रेस की महिला विंग ने इसे लेकर प्रदर्शन किया। उसकी कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने खट्टर का पुतला भी जलाया। कांग्रेस ने कहा कि संघी सोच वाला इंसान ही ऐसी बात महिला के लिए बोल सकता है।
वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन राउत ने सीएम खट्टर को लेकर अशोभनीय टिप्पणी कर दी।
यह है मामला
बहादुरगढ़ में आयोजित जनसभा में सीएम खट्टर ने कहा था कि कांग्रेसियों ने कई माह तक अध्यक्ष की खोज की, लेकिन पूरे देश में उन्हें अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं मिला और जब मिला तो घूमकर वही सोनिया गांधी। सीएम ने इस पर चुटकी लेते हुए कहा था कि यह तो वही बात हुई कि खोदा पहाड़ और निकली चूहिया, वह भी मरी हुई।
शैलजा ने बताया नारी जाति का अपमान
कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना सीएम के लिए नई बात नहीं है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पर मुख्यमंत्री ने जो टिप्पणी की है, वह नारी जाति का अपमान है। कांग्रेस प्रदेश की आधी-आबादी के साथ खड़ी है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि आने वाली 21 अक्टूबर को प्रदेश की आधी-आबादी इसका जवाब देगी।
कश्मीर की लड़कियों पर की थी टिप्पणी
प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने कहा कि सीएम कई बार महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां कर चुके हैं, जिसका खमियाजा भाजपा को 21 अक्टूबर को भुगतना पड़ेगा। कभी कश्मीर की लड़कियों पर टिप्पणी, कभी रेप की घटनाओं को मामूली कहना, कभी कुमारी शैलजा पर टिप्पणी, कभी गर्दन काटने की धमकी देना उनकी मानसिकता को बताता है।
Published on:
15 Oct 2019 12:37 am
बड़ी खबरें
View Allगुडगाँव
हरियाणा
ट्रेंडिंग
