
राधिका यादव की हत्या के बाद एक्टर इनामुल हक ने रिश्ते को लेकर सफाई दी। (फोटो सोर्सः सोशल मीडिया)
Radhika Yadav Murder Case: टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या के बाद एक्टर इनामुल हक एक बार फिर सुर्खियों में हैं। राधिका के साथ म्यूजिक वीडियो में काम करने के चलते सोशल मीडिया पर उन्हें 'लव जिहाद' से जोड़कर निशाना बनाया जा रहा है। इन अटकलों को विराम देने के लिए इनामुल हक ने अपने यूट्यूब चैनल पर करीब एक घंटे का लाइव सेशन किया। इसमें उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि राधिका के साथ उनका कोई निजी संबंध नहीं था। इनामुल ने बार-बार ‘मां की कसम’ खाकर अपने रिश्ते को लेकर सफाई दी और दावा किया कि उनके और राधिका के बीच सिर्फ पेशेवर जान-पहचान थी। राधिका उनके साथ एक म्यूजिक वीडियो में बतौर अभिनेत्री नजर आई थीं और यहीं तक उनका रिश्ता सीमित था।
गौरतलब है कि 25 साल की राधिका की हत्या पिछले गुरुवार को उसके पिता दीपक यादव ने गोली मारकर कर दी थी। दीपक ने पुलिस को बताया कि वह बेटी की कमाई को लेकर ताने सुनकर मानसिक तनाव में था और इसी कारण उसने यह कठोर कदम उठाया। इसी बीच राधिका और इनामुल हक का म्यूजिक वीडियो ‘कारवां’ यूट्यूब और फेसबुक पर वायरल हो गया। जिसके बाद कुछ यूजर्स ने इसे ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए सवाल उठाए। सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि बेटी के रील और म्यूजिक वीडियो में काम करने को लेकर भी पिता नाराज था।
सोशल मीडिया पर राधिका के ‘लव जिहाद’ को लेकर चल रही चर्चाओं और टिप्पणियों के बाद एक्टर इनामुल हक सामने आए। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर लाइव सेशन में कहा "मैंने कई न्यूज चैनलों को इंटरव्यू दिया, लेकिन फिर भी लोग सवाल कर रहे हैं। इसलिए मैंने यूट्यूब पर लाइव आकर बात रखने का फैसला किया। सोशल मीडिया पर जिस तरह से लोग राधिका यादव की हत्या के बाद हिंदू-मुस्लिम एंगल जोड़कर एक मासूम की छवि खराब कर रहे हैं। इससे मैं काफी परेशान और हैरान हूं।”
इनामुल हक ने सबसे अधिक पीड़ा इस बात पर जताई कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर कह रहे हैं कि राधिका के पिता ने सही किया। उन्होंने कहा, "यह सुनकर मेरा दिल बहुत दुखता है। जो लड़की अब इस दुनिया में नहीं है, उसके लिए लोग अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।"
इनामुल ने बताया कि राधिका से उनकी पहली मुलाकात करीब ढाई साल पहले दिल्ली में एक टेनिस टूर्नामेंट (टेनिस प्रीमियर लीग) के दौरान हुई थी। वह टूर्नामेंट की शूटिंग कर रहे थे और वहीं उनकी टीम को राधिका की कैमरा उपस्थिति अच्छी लगी। बाद में राधिका ने एक्टिंग में रुचि जताई तो उन्होंने कहा था कि भविष्य में कोई अवसर आया तो बताऊंगा।
इसके बाद दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को फॉलो किया। करीब एक साल बाद म्यूजिक वीडियो ‘कारवां’ के लिए उन्होंने राधिका से संपर्क किया। वीडियो की शूटिंग नोएडा में हुई थी, जहां राधिका अपनी मां के साथ आई थीं। बाद में एक जूलरी ब्रांड के लिए भी बातचीत हुई, लेकिन राधिका ने उसमें रुचि नहीं दिखाई।
Updated on:
15 Jul 2025, 1:01 PM IST
Published on:
15 Jul 2025, 1:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.