
बाल संप्रेक्षण गृह से अक्षया हत्याकांड के तीन आरोपी बालकों समेत छह फरार बालकों में एक और पुलिस को मिल गया है। उसे इंदौर में प्रेमिका के साथ पकड़ा गया। हत्याकांड के तीनों मास्टरमाइंड अभी तक पुलिस को नहीं मिले हैं। ऐसे में हत्याकांड की इकलौती गवाह छात्रा की सहेेली और उसकी मां दहशत में हैं।
बाल संप्रेक्षण गृह से फरार सात अपचारी बालकों में से एक को मौके पर ही पकड़ लिया गया था। बाकी छह में से एक उसी रात को घर लौट आया था। उसे परिवार ने संप्रेक्षण गृह को सौंप दिया था। इसके बाद हत्याकांड के तीन अपचारी समेत पांच की तलाश में पुलिस की छह टीमें निकली हैं। संप्रेक्षण गृह के आसपास भी इनको तलाश किया जा रहा है। इंदौर से दबोचे गए अपचारी को ग्वालियर लाया जा रहा है। वह भागने के बाद अपनी प्रेमिका से मिला था फिर दोनों ग्वालियर से इंदौर पहुंच गए थे। पुलिस को उससे पूछताछ में कुछ जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
दीवार कूदकर एकसाथ भागे तीनों मास्टरमाइंड
पुलिस को अभी तक केवल इतना ही मालूम है कि बाल संप्रेक्षण गृह से भागने के बाद हत्याकांड के तीनों आरोपी एकसाथ निकले थे। इसके बाद सब अलग हो गए। बाकी तीन कलेक्ट्रेट तक भागे और फिर वहां जाकर ट्रैक्टर से लिफ्ट ली। उससे शीतला मंदिर पहुंचे। वहां से सब अलग-अलग निकले। इनमें से दो मिल चुके हैं, अब हत्याकांड के तीनों अपचारी समेत चार अभी फरार हैं।
अभी तक जिम्मेदारी तय नहीं, ड्यूटी पर वही स्टाफ
इधर पुलिस और प्रशासन अभी तक छह आरोपियों के भाग जाने के मामले में किसी की जिम्मेवारी तय नहीं कर सका है। रसोइया और वहां तैनात होमगार्ड अब भी वहीं ड्यूटी पर हैं। वहां की सुरक्षा व्यवस्था में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। सबसे पहले जो आरोपी लौटकर आया था, उसने बताया था कि रसोइया को भरोसे में ले लिया था। उसे धक्का देकर भागे थे और वहां तैनात होमगार्ड का सिपाही अकेला होने पर उनको रोकने में नाकाम रहा था। अभी संप्रेक्षण गृह में सात आरोपी हैं।
चश्मदीद गवाह...मां ने अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस से मांगा शस्त्र लाइसेंस
अक्षया हत्याकांड की चश्मदीद और उसकी मां को लगातार धमकी मिल रही थीं। इसको लेकर वे पहले ही घर से निकलना बंद कर चुकी थीं। अब हत्याकांड के अपचारी बालकों के फरार होने के तीन दिन बाद भी उनका सुराग नहीं मिल पाने से वे दहशत में हैं। बहरहाल, पुलिस ने उनकी सुरक्षा के लिए सिपाही तैनात कर दिए हैं, लेकिन उनको अब भी खतरा लग रहा है। चश्मदीद की मां ने एसएसपी राजेश चंदेल को पत्र लिखकर आत्मरक्षा के लिए हथियार लाइसेंस की मांग की है।
Updated on:
28 Jan 2024 09:02 am
Published on:
28 Jan 2024 09:01 am
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
