
नर्स भर्ती परीक्षा
ग्वालियर. नर्स भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने वाले गिरोह का भोपाल के बैंक में खाता मिला है। खाता गैंग के दलाल के अमित के नाम है। इसमें 1 करोड़ का लेनदेन मिला है। खाताधारक की तलाश की जा रही है। परीक्षा से 24 घंटे पहले सरगना पुष्कर पांडेय की भी भोपाल में मौजूदगी सामने आई है। उधर, ग्वालियर में नर्स भर्ती परीक्षा पास कराने का ठेका लेने वाला सीईओ प्रेमप्रकाश खींची नहीं मिला है। उसकी गर्लफ्रेंड पुलिस की रडार पर है।
नर्स भर्ती परीक्षा का पेपर पुष्कर पांडेय की गैंग तक कैसे पहुंचा? पता लगाने क्राइम ब्रांच चौधरी हेतराम भवन, भारत नगर दिल्ली में स्ट्रेटजिक अलाइंस मैनेजमेंट सर्विस के दफ्तर पहुंची। कंपनी कर्मियों से भी पूछताछ की।
चुरहट के दलाल के खाते में काली कमाई
पुष्कर गैंग अन्य भर्ती परीक्षाओं में भी शाामिल हो निकल सकता है। पेपर लीक कराने में पकड़े गए धनंजय और सौरभ तिवारी ने अमित के बारे में खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि पेपर बेचने की कमाई पुष्कर पांडेय सीधे नही वसूलता। काली कमाई गैंग के चुरहट के एजेंट अमित के खाते में जाती है। वह गिरोह में हिस्सा बांटता है।
जयपुर भागा सरगना
गैंग का लोकल सरगना प्रेम प्रकाश खींची निवासी जयपुर नहीं मिला है। वह ग्वालियर में शिवराम गुर्जर के साथ नर्सिंग कोचिंग चलाता है। शिवराम से दुश्मनी के बाद वह सीईओ बन गया। शिवराम ने उसके इंदौर में होने की बात कही थी, पर नहीं मिला। उसकी गर्लफ्रेंड ने बताया, वह जयपुर भाग गया है।
भोपाल आया था मास्टरमाइंड पुष्कर
नर्स भर्ती परीक्षा से 24 घंटे पहले पेपर लीक करने वाला पूरा गिरोह भोपाल में एकजुट हुआ था। वहां सरगना पुष्कर और उसका साथी राजीव भी था। पुष्कर ने सबको काम बांटा था। प्रेमप्रकाश खींची को ग्वालियर और शिवराम को इंदौर में पेपर सॉल्व कराने की जिम्मेदारी थी।
क्राइम ब्रांच के एएसपी राजेश दंडौतिया ने बताया कि पेपर लीक करने वाले गिरोह की तलाश में क्राइम ब्रांच की छह टीम दिल्ली, जयपुर, भोपाल और प्रयागराज में डेरा डाले हैं। दो टीम दिल्ली में परीक्षा आयोजित कराने वाली कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।
Published on:
14 Feb 2023 01:56 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
