
कुंडलपुर में बधाई की नगरी में वीर जन्मे महावीर...
ग्वालियर. इस बार महावीर जयंती दो दिन मनाई जा रही है। शहर के अधिकांश जैन मंदिरों में सोमवार को महावीर जयंती मनाई, वहीं कुछ जगहों पर मंगलवार को भी इसे मनाया जाएगा। उरवाई गेट स्थित जैन तीर्थ त्रिशलगिरी जैन अतिशय क्षेत्र, विनय नगर जैन मंदिर, आनंद नगर, उपनगर लोहामंडी, मुरार जैन बड़ा पंचायती मंदिर, मुरार सीपी कॅालोनी जैन लाला मंदिर में आयोजन हुए। जिसमें भगवान महावीर को झूला झुलाया गया, पालकी शोभायात्रा निकाली गईं एवं कलश अभिषेक किये गए। श्री दिगंबर लाला गोकुलचंद जैन जैसवाल पंचायती मंदिर उपनगर लोहा मंडी ग्वालियर की ओर से सोमवार को महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव पर गाजेबाजे के साथ पालकी शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत कर लोगों ने भगवान महावीर स्वामी की आरती उतारी।
यहां से निकली शोभायात्रा
इस वर्ष प्रथम बार मंदिर समिति एवं सकल जैन समाज लोहामंडी की ओर से भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक पर गाजे-बाजे के साथ भगवान महावीर की पालकी यात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा दिगंबर जैन लाल गोकुल चंद मंदिर से शुरू होकर किला गेट चौराहा, हजीरा, पाताली हनुमान, तानसेन नगर, सहयोग गार्डन, रमटापुरा से वापस जैन मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में बालिका व महिलाएं साफा बांधकर बाजे कुंडलपुर में बधाई की नगरी में वीर जन्मे महावीर, मेरे महावीर झूले पालना, मां त्रिशला मईया का लल्ला चमके हीरे जैसे... जैसे भजनों पर डांडिया नृत्य करते हुए चल रही थीं। वही जैन ध्वज बालक हाथों में लेकर व पुरुषगण सिर पर टोपी पहनकर जय बोलो त्रिशला नंद जय बोलो महावीर की, महावीर स्वामी का क्या संदेश जीओ ओर जीने दो... जैसे जयघोष लगाते हुए चल रहे थे। भगवान महावीर स्वामी की सोने की पालकी को कंधे लगाकर इंद्रगण पीले वस्त्रो में मुकुट पहनकर झुमते हुए चल रहे थे।
स्वर्ण रथ पर सवार होकर मंगलवार को निकलेंगे भगवान महावीर स्वामी
अखिल जैन समाज, ग्वालियर भगवान महावीर जयन्ती महोत्सव समिति की ओर से तीर्थंकर महावीर भगवान के जन्म कल्याणक महोत्सव पर 4 अप्रेल को प्रभात फेरी एवं स्वर्ण रथ यात्रा निकाली जाएगी। समिति के प्रवक्ता संजीव जैन, डीके जैन ने बताया कि महावीर जन्मोत्सव के अन्तर्गत सुबह 7 बजे मामा का बाजार स्थित दि.जैन बड़ा मन्दिर से विशाल चल समारोह प्रारंभ होगा जो माधौगंज, बाड़ा, सराफा, पारख जी का बाड़ा, दौलतगंज, तेरापंथ भवन, हुजरात रोड, नया बाजार होते हुए महावीर भवन पहुंचेगा। महासचिव बसंत जैन के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ.नितिन जैन परिवार ध्वजारोहण के साथ होगा। तत्पश्चात संगीतमय अभिषेक, पूजन, विधान होगा। चल समारोह का मुख्य आकर्षण महाराष्ट्रीयन ढोल एवं हर्ष बहु मण्डल समूह का डांडिया रहेगा। सोमवार को जैन मंदिर में एक शाम महावीर के नाम भजन संध्या हुई। वहीं श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र गोपाचल पर्वत संरक्षक न्यास की ओर से 4 अप्रेल मंगलवार को सुबह 7 बजे ध्वजारोहण होगा। तत्पश्चात सुबह 8 बजे पंचकल्याणक विधान पूजन एवं कलषाभिषेक होगा। यह जानकारी न्यास के अध्यक्ष श्यामलाल विजयवर्गीय और महामंत्री अजीत वरैया ने दी। वहीं महावीर जयंती महोत्सव समिति वृहत्तर ग्वालियर मंगलवार को सुबह 6.30 बजे दौलतगंज स्थित जैन मंदिर से श्रीजी की रथयात्रा निकालेगा।
Published on:
03 Apr 2023 11:08 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
