
ग्वालियर: बायो सीएनजी प्लांट डेढ़ साल बाद भी आधी रफ्तार में, पुणे की फर्म को हटाया, गुरुग्राम की कंपनी को 3.29 करोड़ में नया ठेका
ग्वालियर. नगर निगम की लाल टिपारा आदर्श गौशाला में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आइओसीएल) द्वारा 31 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित किया गया बायो सीएनजी प्लांट डेढ़ साल बाद भी अपनी पूर्ण क्षमता से संचालित नहीं हो पा रहा है। 2 अक्टूबर 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्लांट का डिजिटल उद्घाटन किया था। अब इस प्लांट के संधारण एवं संचालन (ऑपरेशन एंड मैनेजमेंट) का जिम्मा पुणे की कंपनी से छीनकर गुरुग्राम की सीबीएफ बायो एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा है। यह कार्य सीबीएफ को एक साल के लिए 3.29 करोड़ रुपए में दिया है, जिसका वर्क ऑर्डर और एलओए निगमायुक्त ने जारी कर दिया है।
फेल साबित हुई पुणे की कंपनी, निगम पर बढ़ा 75 लाख का भार
निगम ने पुणे की कंपनी नटजन इंजीनियङ्क्षरग सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड को 2.54 करोड़ रुपए में एक साल के लिए काम सौंपा था। लेकिन कंपनी न तो गोबर की सप्लाई बढ़ा सकी और न ही गैस का उत्पादन। वह प्रतिदिन महज 1 टन के आसपास ही गैस बना पा रही थी। अब निगम को नई कंपनी को करीब 75 लाख रुपए अधिक (कुल 3.29 करोड़) देकर यह ठेका देना पड़ा है।
दावा 100 टन का, हकीकत में 50 टन भी नहीं मिल रहा
प्लान्ट की स्थापना के वक्त बड़े-बड़े दावे किए थे कि प्रतिदिन 100 टन गोबर से 2 टन (2000 किलो) बायो सीएनजी गैस तैयार होगी। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि आज तक प्लांट के लिए गोबर की स्थायी व्यवस्था ही नहीं हो पाई। मुश्किल से 50 टन गोबर ही रोज प्लांट तक पहुंच पा रहा है। अफसरों का दावा था कि 50 टन गोबर गौशाला से और 30 टन शहर से आएगा। असलियत यह है कि गौशाला में कहने को तो 50 टन गोबर मौजूद है, लेकिन उसमें भूसा मिला होने के कारण सिर्फ 15 टन गोबर ही प्लांट के उपयोग लायक बचता है। यही वजह है कि गैस का उत्पादन आधा रह गया है।
हर दिन 2 टन गैस बनाने का लक्ष्य, 50 कर्मचारी होंगे पदस्थ
अब नई अनुबंधित कंपनी सीबीएफ शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन 80 टन गोबर और 20 टन वेस्ट मटेरियल (सब्जी के छिलके व गीला कचरा) का कलेक्शन करेगी। कंपनी का दावा है कि वह इस कचरे से प्रतिदिन 2 टन गैस तैयार करेगी। इस पूरे ऑपरेशन को सुचारू रूप से चलाने के लिए कंपनी करीब 50 कर्मचारियों का स्टाफ भी तैनात करने जा रही है।
दो करोड़ रुपए से अधिक की गैस बेच चुका नगर निगम
नगर निगम अब तक करीब 2 करोड़ रुपए से अधिक की गैस बेच चुका है। गेल कंपनी द्वारा इस प्लांट से पहले 65 रुपए और अब 74 रुपए प्रति किलो की दर से गैस खरीदी जा रही है।
&नई फर्म को कार्य देेने के लिए वर्कऑर्डर जारी किया है। अब रोज दो टन गैस बनेगी, इसके लिए अफसरों को निर्देश दिए हैं।
संघप्रिय, आयुक्त नगर निगम
Updated on:
08 Jun 2026 06:03 pm
Published on:
08 Jun 2026 06:02 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
