
सीएम दौरे में सुरक्षा में व्यस्त रही पुलिस, बदमाश बिना नंबर बाइक से फरार
सीएम दौरे में सुरक्षा में व्यस्त रही पुलिस, बदमाश बिना नंबर बाइक से फरार
ग्वालियर। शहर में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान पुलिस जहां वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त रही, वहीं दूसरी ओर बदमाशों ने दिनदहाड़े हाइवे पर झपटमारी की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। तीन बदमाशों ने बाइक से जा रही एक नवविवाहिता को निशाना बनाते हुए उसके गले से करीब ढाई तोला वजनी सोने का हार झपट लिया। वारदात महाराजपुरा थाना क्षेत्र में लक्ष्मणगढ़ पुल के पास हुई। घटना के बाद आरोपी बिना नंबर की बाइक से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार अंबाह निवासी कृष्णा वर्मा अपनी बहन दुर्गा श्रीवास को उसकी ससुराल बड़ागांव खुरेरी से मायके लाने गए थे। दुर्गा की कुछ दिन पहले ही शादी हुई है। गुरुवार दोपहर करीब 12.20 बजे दोनों भाई-बहन बाइक से अंबाह लौट रहे थे। जैसे ही वे लक्ष्मणगढ़ पुल से कुछ दूरी आगे पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन युवक उनके करीब आए। इससे पहले कि दोनों कुछ समझ पाते, बदमाशों ने झपट्टा मारकर दुर्गा के गले से सोने का हार खींच लिया।
अचानक हुई घटना से कृष्णा की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिरते-गिरते बचे। झपटमारी के बाद आरोपी तेजी से मुरैना रोड की ओर भाग निकले। पीड़ितों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे।
घटना के वक्त लक्ष्मणगढ़ पुल के पास डायल-112 पुलिस वाहन मौजूद था। पीड़ितों ने तुरंत पुलिसकर्मियों को जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल आरोपियों का पीछा शुरू किया, लेकिन जब तक वाहन यू-टर्न लेकर आगे बढ़ता, तब तक बदमाश काफी दूरी बना चुके थे। डायल-112 टीम ने काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए।
पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि तीनों बदमाश बिना नंबर की बाइक पर सवार थे। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने चेहरे पर साफी बांध रखी थी। पुलिस ने हाइवे किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो अहम जानकारी सामने आई। फुटेज में दिखाई दिया कि आरोपी बड़ागांव खुरेरी से ही भाई-बहन का पीछा कर रहे थे। हाइवे पर ट्रैफिक अधिक होने के कारण बदमाश लगातार मौका तलाशते रहे। जैसे ही सुनसान इलाका मिला, उन्होंने वारदात को अंजाम दे दिया।
Published on:
08 May 2026 06:17 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
