2 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रिटायर्ड रेलवे बुजुर्ग से 7.40 लाख की ठगी, ग्वालियर में 2 मिनट में हुए 2 ट्रांजेक्शन

Cyber ​​fraud: साइबर ठग ने रेलवे का कर्मचारी बनकर बुजुर्ग के खाते से 7.40 लाख रुपए निकाल लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2 min read
Google source verification
Cyber ​​fraud in gwalior: कर्मचारी बनकर किया वीडियो कॉल (Photo Source -AI Image)

Cyber ​​fraud in gwalior: कर्मचारी बनकर किया वीडियो कॉल (Photo Source -AI Image)

Cyber ​​fraud in gwalior:एमपी के ग्वालियर शहर में साइबर ठग अब बुजुर्गों और पेंशनभोगियों को नया निशाना बना रहे है। चार शहर का नाका क्षेत्र में रहने वाले रेलवे के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से पेंशन वेरिफिकेशन के नाम पर 7.40 लाख रुपए की ठगी कर ली। ठग ने खुद को झांसी रेल मंडल का कर्मचारी बताकर वीडियो कॉल किया और महज दो मिनट में दो ट्रांजेक्शन में पूरी रकम खाते से निकाल ली। पीड़ित बीएल शर्मा रेलवे से सेवानिवृत्त है। सुबह करीब 10.15 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया।

फोन करने वाले ने खुद को रेलवे प्रशासन, झांसी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनका पेंशन वेरिफिकेशन अभी तक लंबित है और उसी दिन इसकी अंतिम तिथि है। उसने तत्काल वीडियो कॉल के जरिए प्रक्रिया पूरी करने का दबाव बनाया। बीएल शर्मा ने इसे विभागीय प्रक्रिया समझकर बातचीत जारी रखी। उन्होंने बताया कि कॉल करने वाले के पास उनके बैंक खाते और पेंशन से जुड़ी कुछ जानकारियां पहले से मौजूद थीं, जिससे कोई संदेह नहीं हुआ। जल्दबाजी में उन्होंने मोबाइल पर आए ओटीपी भी साझा कर दिए।

दो मिनट में दो ट्रांजेक्शन

वीडियो कॉल समाप्त होते ही उनके मोबाइल पर केनरा बैंक से लगातार दो संदेश आए। पहले ट्रांजेक्शन में पांच लाख रुपए और दूसरे में 2.40 लाख रुपए खाते से निकाल लिए गए। महज दो मिनट के भीतर साइबर अपराधियों ने कुल 7.40 लाख रुपए पार कर दिए। ठगी का अहसास होते ही बीएल शर्मा तत्काल एसपी कार्यालय स्थित साइबर सेल पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। बैंक स्टेटमेंट की जांच के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सावधानी ही बचाव

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी फोन कॉल, वीडियो कॉल या संदेश पर बैंक खाते, ओटीपी, पासवर्ड और निजी जानकारी साझा न करें। सरकारी विभाग कभी भी फोन पर इस तरह की गोपनीय जानकारी नहीं मांगते। बैंकिंग ऐप हमेशा आधिकारिक स्रोत से ही डाउनलोड करें और खाते से जुड़े सभी नोटिफिकेशन पर नजर रखें। मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करें। यदि किसी तरह की धोखाधड़ी का संदेह हो, तो तुरंत बैंक को सूचना दें और शिकायत दर्ज कराएं।

एक्सीडेंट बोलकर हड़पे रूपए

वहीं एक अन्य मामले में एक नाबालिग छात्रा को इमोशनल ब्लैकमेल कर उसके घर से 21 लाख रुपए के जेवरात और नकदी हड़पने वाले शातिर बदमाश आदित्य भदौरिया को लेकर चौकाने वाले खुलासे हुए है। ऑनलाइन सट्टे की लत में डूबा यह आरोपी अब पीड़ित नाबालिग छात्रा और उसके परिवार पर केस वापस लेने (राजीनामा) के लिए लगातार दबाव बना रहा है और उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया है।