
ग्वालियर। शहर जिला कांग्रेस द्वारा फूलबाग चौराहे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रतिमा हिंदू महासभा कार्यालय में स्थापित किए जाने के विरोध में धरना दिया। कांगे्रस ने चेतावनी दी की अगर प्रतिमा को नहीं हटाया तो कांग्रेस निर्णायक आंदोलन करेगी। धरना पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गोडसे की प्रतिमा स्थापित करने में भाजपा की मौन सहमति है। धरने को अशोक सिंह, अशोक शर्मा, रामसेवक बाबूजी, रामवरन गुर्जर, रश्मि पवार शर्मा, प्रेम सिंह कुशवाह, मुन्नालाल गोयल, सुनील शर्मा, आनंद शर्मा, संजय सिंह यादव आदि ने संबोधित किया। भाजपा महंगाई, गब्बर सिंह टैक्स, जर्जर सड़कें, पानी संकट आदि समस्याओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए इस तरह के कार्य कर रही है। शहर जिला कांग्रेस द्वारा 18 नवंबर को संपूर्ण महानगर में प्रमुख चौराहों पर गोडसे की प्रतिमा स्थापित किए जाने के विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। प्रतिमा हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि 19 नवंबर तक प्रतिमा को नहीं हटाया गया तो कांग्रेस निर्णायक संघर्ष करेगी।
गोडसे की प्रतिमा के खिलाफ हिंदू महासभा नेता को नोटिस
ग्वालियर. नाथूराम गोडसे की प्रतिमा के खिलाफ जिला प्रशासन ने गुरुवार को हिंदू महासभा नेता जयवीर भारद्वाज को नोटिस जारी किया। प्रशासन ने भारद्वाज से पांच दिन में नोटिस का जवाब मांगा है। एडीएम शिवराज सिंह वर्मा ने नोटिस में पूछा है कि बिना अनुमति के मूर्ति की स्थापना क्यों की।संगठन के दौलतगंज कार्यालय के बोर्ड पर हुतात्मा नाथूराम गोडसे मंदिर क्यों लिखा, जबकि यह कृत्य मध्यप्रदेश सार्वजनिक स्थान धार्मिक भवन एवं गतिविधियों का विनियमन अधिनियम २००१ के तहत दंडनीय अपराध है।
पूरे प्रदेश में कांग्रेस कर रही विरोध, यहां नहीं कोई भी असर
हिंदूमहासभा कार्यालय में गोडसे की प्रतिमा की लगातार पूजा-अर्चना हो रही है। कोर्ट द्वारा नोटिस जारी होने के बाद भी नाथूराम गोडसे की प्रतिमा पर हिंदू महासभा से जुड़े सदस्य पूजा कर रहे हैं। जिसमें बच्चों सहित बुजुर्ग लोग शामिल हैं। नाथूराम गोडसे को पूरा विश्व महात्मा गांधी की हत्या का आरोपी के रूप में जानता है। लेकिन हिंदू महासभा से जुड़े होने के कारण ग्वालियर हिंदू महासभा ने नाथूराम गोडसे का मंदिर बनवाया है। जिसे वे अपना नेता भी मानते हैं। नाथूराम गोडसे का यह मंदिर पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि राष्ट्रपिता के हत्यारे को पूजा जाना शर्मनाक है। राजधानी भोपाल सहित ग्वालियर अंचल में सभी जगह कांग्रेस गोडसे के मंदिर को हटाने के लिए विरोध कर रही है।
कोर्ट में याचिका, राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग
उधर, न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में एडवोकेट उमेश बोहरे ने याचिका दायर की। बोहरे ने याचिका में कहा, गोडसे की प्रतिमा स्थापित करने वालों पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। न्यायालय इस याचिका पर २१ दिसंबर को सुनवाई करेगी।
Published on:
18 Nov 2017 02:09 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
