29 दिसंबर 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महिला कांग्रेस के कार्यक्रम में ढाई हजार रुपए और साड़ी मिलने की अफवाह पर पहुंच गईं सैकड़ों महिलाएं, जानिए फिर क्या हुआ

महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मांडवी चौहान ने जब यह कहा कि यहां ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं हो रहा है, तो महिलाओं ने हंगामा कर दिया

2 min read
Google source verification
women's congress program

महिला कांग्रेस के कार्यक्रम में ढाई हजार रुपए और साड़ी मिलने की अफवाह पर पहुंच गईं सैकड़ों महिलाएं, जानिए फिर क्या हुआ

ग्वालियर। शक्ति ऐप से महिलाओं को जोडऩे के लिए कांग्रेस कार्यालय में महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित की गई बैठक में ढाई हजार रुपए और साड़ी दिए जाने की अफवाह पर सैकड़ों महिलाएं पहुंच गईं, लेकिन महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मांडवी चौहान ने जब यह कहा कि यहां ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं हो रहा है, तो महिलाओं ने हंगामा कर दिया।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष मांडवी चौहान ने पत्रकारों से कहा कि उनके कार्यक्रम को फेल करने के लिए किसी ने यह शरारत की है। हम पता लगा रहे हैं कि ऐसा किसने और क्यों किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीब महिलाओं से मांग पत्र भरवा रही है, जिसमें प्रदेश सरकार से मांग की जाएगी कि गरीब महिलाओं को हर माह २५०० रुपए पेंशन दी जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आएगी तो गरीब महिलाएं जो अक्षम व वृद्ध हैं, उन्हें ढाई हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन दिलाई जाएगी।

शोरगुल में समझ में नहीं आया क्या कहा
बैठक में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व मध्यप्रदेश की प्रभारी ओनिका मेहरोत्रा कांग्रेस के शक्ति ऐप के संबंध में जानकारी देने वाली थीं तथा प्रदेश अध्यक्ष चौहान विधान सभा चुनाव में महिला कांग्रेस की भूमिका पर कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश देने वाली थीं, लेकिन शोरगुल के कारण वे क्या कह रही हैं, यह किसी की समझ में नहीं आ रहा था। बैठक में आइटी सेल की प्रभारी तथा राष्ट्रीय समन्वयक किट्टू गिरेवाल, महामंत्री राजलक्ष्मी ने भी विचार व्यक्त किए। बैठक में जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, विद्यादेवी कौरव, सरोज मिश्रा, ऊषा चौहान, पूनम चौहान, रुचिका श्रीवास्तव, किरण खेनवार, कल्पना सेंगर, अनीता राव, तनवी चतुर्वेदी, मीरा आदिवासी, वंदना शर्मा, शम्मीबाई आदि उपस्थित थीं।

आपसी प्रतिद्वंद्विता का परिणाम
बताया जाता है कि कुछ महिला नेत्रियों ने कार्यक्रम को फ्लॉप कराने के लिए ग्वालियर दक्षिण की दलित बस्तियों में यह खबर करवा दी कि कांग्रेस कार्यालय में ढाई-ढाई हजार रुपए बांटे जाएंगे। इससे कार्यालय में महिलाओं भीड़ लग गई। जिलाध्यक्ष कमलेश कौरव ने मंच से स्पष्ट रूप से कहा कि महिला कांग्रेस ने ऐसी कोई घोषणा नहीं की है, इसलिए जो पैसे और साड़ी की उम्मीद से आई हैं वे महिलाएं जा सकती हैं।

सत्ताधारी दल की साजिश: शर्मा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा का कहना था कि सत्ताधारी दल के कुछ लोग कांग्रेस के कार्यक्रमों को बिगाडऩे के लिए इस तरह के कार्य कर रहे हैं।

ऐप के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष लेंगे फीडबैक
कांग्रेस ने विधानसभा व लोकसभा चुनाव के लिए महिला कार्यकर्ताओं से सीधे फीडबैक लेने के लिए प्रोजेक्ट शक्ति को लॉन्च किया है। प्रोजेक्ट शक्ति के तहत एक टोल फ्री नंबर दिया गया है, जिसमें महिला कार्यकर्ताओं से सुझाव मांगे जाएंगे। साथ ही प्रत्याशी तय करने के लिए दावेदारों के बारे में उनकी राय भी पूछी जाएगी। इसके जरिए महिलाएं अपने विचार सीधे पार्टी अध्यक्ष तक पहुंचा सकेंगी। यह नंबर विशेष रूप से महिला कांग्रेस के लिए लॉन्च किया गया है। बैठक में वोटर आइडी के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं को इस ऐप से जोड़ा गया।

ढाई हजार देने का दिया लालच
अवाड़पुरा तथा गुड़ी-गुढ़ा का नाका क्षेत्र से आईं सरला देवी और मुनिया बाई ने कहा कि उन्हें एक महिला नेत्री ने कहा था कि कांग्रेस कार्यालय में ढाई-ढाई हजार रुपए मिलेंगे, साडि़यां भी बांटी जाएंगी। इसलिए हम यहां आए हैं।