
MP में यहां बन रहे हैं अंतरराष्ट्रीय खेल गांव, 12 कोर्ट में होंगे विभिन्न गेम
विकास त्रिपाठी @ ग्वालियर। शहर के खिलाडि़यों के लिए अच्छी खबर है कि जल्द ही खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा शहर में अंतरराष्ट्रीय खेल गांव बनाया जाएगा, जिसमें सभी खेलों के आउटडोर और इनडोर स्टेडियम होंगे। 50 करोड़ की लागत से तैयार होने वाले इस खेल गांव के लिए जिला प्रशासन ने अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के सामने 50 एकड़ भूमि आंवटित कर दी है।
सुधरेगी आर्थिक व्यवस्था
खेल गांव स्थापित होने पर यहां खिलाड़ी आएंगे इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच होने पर दर्शक भी आएंगे। जिससे शहर में खान पान, होटल इंडस्ट्रीज की आय में इजाफा होगा।
खेल संचालक ने किया निरीक्षण
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के डायरेक्टर डॉ. एसएल थाउसेन ने ग्वालियर प्रवास के दौरान प्रशासन द्वारा आवंटित जमीन का जायजा लिया। उन्होंने भी जमीन को हरी झंडी दे दी है। अब जल्द ही टेंडर होंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी ख्याति
खेल गांव में बास्केटबॉल, टेनिस, खो-खो, वालीबॉल, शूटिंग, कराते, बॉक्सिंग, बैडमिंटन सहित १२ खेलों के कोर्ट तैयार किए जाएंगे। ये कोर्ट पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होंगे। यहां खिलाड़ी को प्रशिक्षत करने के साथ ही ठहरने के लिए हॉस्टल की भी व्यवस्था रहेगी। यह अकादमी की तरह ही संचालित होगा। इसके अलावा यहां अंतरराष्ट्रीय मैच का आयोजन भी किया जाएगा।
केन्द्र भी करेगा मदद
खेल गांव के निर्माण में केन्द्र सरकार भी मदद करेगी। केन्द्र ने भी इसे मंजूरी दे दी है। यह राष्ट्रीय स्तर का होगा और यहां पूरे देश से खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
निर्माण कार्य बंद
खेल विभाग अंतरराष्ट्रीय खेल गांव का जहां सपना दिखा रहा है, वहीं शहर में कई खेल से जुड़़े निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं।
नया क्रिकेट स्टेडियम ३ साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। हालांकि स्टेडियम का निर्माण कार्य मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा कराया जा रहा है।
खेल परिसर में बॉक्सिंग रिंग भी डेढ़ साल में नहीं बन पाई है, जिसके कारण यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चे सिर्फ व्यायाम ही कर रहे हैं।
दूसरी ओर खेल विभाग ने शिवपुरी स्थित एकमात्र क्रिकेट अकादमी को भी बंद करने की तैयारी कर ली है।
"खेल गांव के लिए प्रशासन ने 50 एकड़ जमीन आवंटित की है। खेल विभाग के डायरेक्टर ने जमीन देख ली है, आगे की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।"
रामाराव नागले,खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग
Published on:
10 Jun 2018 01:26 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
