
5 घंटे की चर्चा के बाद कांग्रेस से इनका टिकट हुआ फायनल, 22 को हो सकता है ऐलान
ग्वालियर। कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अभी पार्टी ने कोई सूची फाइनल नहीं की है, जो सूचियां वाइरल हो रही हैं, वह गलत हैं। 22 अक्टूबर को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में प्रत्याशियों पर अंतिम निर्णय होगा, उसके बाद ही सूची जारी होगी।
शुक्रवार को जयविलास पैलेस में ग्वालियर-चंबल संभाग के दावेदारों से चर्चा करने के बाद वह पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि 99 प्रतिशत टिकट पार्टी कार्यकर्ताओं को ही मिलेंगे, लेकिन एक प्रतिशत टिकट पार्टी के बाहर के लोगों को भी दिए जा सकते हैं। सिंधिया ने कहा कि आज कार्यकर्ताओं से लगातार पांच घंटे तक चर्चा करने के बाद जो भावनाएं सामने आई हैं, उन्हें हाईकमान के समक्ष रखूंगा।
गाइड लाइन से बाहर नहीं जाएंगे
सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रत्याशी चयन के लिए जो गाइड लाइन तय की है, उसके अनुसार जिताऊ उम्मीदवार एवं पार्टी कार्यकर्ता को ही टिकट दिया जाएगा। दिग्विजय सिंह के संबंध में पूछे गए सवाल पर कहा कि वह हमारे वरिष्ठ नेता हैं, उनका पूरी कांग्रेस आदर करती है। जब उनसे पूछा गया कि क्या पार्टी को भाजपा के प्रत्याशियों की सूची जारी होने का इंतजार है, इस पर कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। प्रत्याशी चयन के लिए पार्टी अपना काम कर रही है।
यह दावेदार मिले
सिंधिया मिले वाले दावेदारों में ग्वालियर दक्षिण से भगवान सिंह यादव, रमेश अग्रवाल, किशन मुदगल, रश्मि पवार शर्मा, दर्शन कुशवाह, अनूप कुशवाह, प्रवीण पाठक, ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र से सुनील शर्मा, प्रद्युम्न सिंह तोमर, अशोक शर्मा, ग्वालियर पूर्व से मितेन्द्र सिंह, मुन्नालाल गोयल, सुरेन्द्र शर्मा शामिल थे, सुरेन्द्र सिंह परमार नहीं पहुंच सके। ग्वालियर ग्रामीण से साहब सिंह गुर्जर, रामवरन सिंह गुर्जर, मदन कुशवाह, भीकम सिंह, उदयवीर सिंह, कल्याण सिंह, केदार सिंह शामिल थे।
चयन का आधार सर्वे होंगे
सिंधिया ने दावेदारों से चर्चा में एक ही बात कही कि टिकट आप लोगों में से ही किसी एक को मिलना है। चयन में पार्टी द्वारा कराए गए सर्वे आधार होंगे, इसलिए मैं सिफारिश नहीं कर पाऊंगा। जिस को भी टिकट मिले सभी को उसे विजयी बनाने के लिए जुटना है।
इन्हें नहीं बुलाया
ग्वालियर-चंबल संभाग के जिन दावेदारों को बुलाया गया था उनकी सूची पहले से तैयार थी, सूची में नाम देखकर ही दावेदारों को भेजा जा रहा था। इनमें राघवेन्द्र शर्मा, अलबेल सिंह घुरैया, प्रयाग सिंह गुर्जर, काशीराम देहलवार, आशीष प्रताप ङ्क्षसह के अलावा युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजय सिंह यादव के नाम सूची में नहीं थे।
सूची में कुछ नेताओं के नाम से नाराजगी
जयविलास परिसर पहुंचे कांग्रेस नेता सूची में कुछ नामों के होने से काफी नाराज थे। इनका कहना था कि जो पार्टी के कार्यक्रमों में नजर नहीं आते उनके नाम सूची में कैसे आ गए।
महिलाएं अलग से मिलीं
महिलाओं की टीम ने भी सिंधिया से मिलकर अपनी दावेदारी जताई। इनमें ग्वालियर दक्षिण के लिए मधुलिका क्षीरसागर, ऊषा चौहान व अन्य महिलाएं शामिल थीं।
मुस्लिम समाज भी
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिला महासचिव लतीफ खां मल्लू के नेतृत्व में सिंधिया से चर्चा कर कहा कि 90 से मुस्लिम को टिकट नहीं मिला है, ग्वालियर-चंबल संभाग की किसी एक सीट से मुस्लिम समाज को टिकट दिया जाए। प्रतिनिधिमंडल में अनवर दाउद सहित अन्य लोग शामिल थे।
Published on:
20 Oct 2018 10:32 am
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
