
भाजपा के महासदस्यता अभियान में सिंधिया के गले में 'कांग्रेसी गमझा', कहा- मोदी से एक मामले में आगे हैं कमलनाथ
भोपाल/ग्वालियर. भाजपा में शामिल होने के बाद शनिवार को पहली बार ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने गढ़ ग्वालियर पहुंचे। इस दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया के गले में पड़ा एक गमझा सुर्खियों में रहा। हालांकि सिंधिया ने अपने ग्वालियर दौरा पर कांग्रेस और पूर्व सीएम कमलनाथ पर जमकर हमला बोला।
कांग्रेसी गमझा?
ज्योतिरादित्य सिंधिया के गले पर पड़ा दुपट्टा भी चर्चा का विषय बन गया है। भाजपा के महासदस्यता अभियान कार्यक्रम में जहां सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के गले पर बीजेपी का टुपट्टा था तो वहीं, सिंधिया के गले पर वो दुपट्टा था जिसे वो कांग्रेस के कार्यकर्ता रहते पहनते थे। हालांकि जब सिंधिया मंच पर भाषण देने आए तो उनके गले में उसी दुपट्टे के ऊपर बीजेपी वाला दुपट्टा भी पड़ा था।
कांग्रेस ने बोला हमला
ज्योतिरादित्य सिंधिया के गले में कांग्रेसी गमझा होने पर कांग्रेस ने हमला बोला है। कांग्रेस नेता नरेन्द्र सलूजा ने सिंधिया पर हमला बोलते हुए कहा- श्री अंत जी, गले में दो दुपट्टे नहीं चलेंगे। यदि भाजपा में गये हो तो हिम्मत दिखाओ, अपनी ट्विटर प्रोफ़ाइल पर लिखो 'भाजपा नेता' और गले में कांग्रेस का दुपट्टा नहीं सिर्फ़ भाजपा का दुपट्टा पहनो। क्या सोचते है कि कांग्रेस का दुपट्टा पहनने से कांग्रेसी माफ़ कर देंगे?
प्रदेश में दो सीएम थे
मंच से ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला- ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा- कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार की धारा वल्लभ भवन से शुरू होकर प्रदेश की गलियों तक पहुंची। प्रदेश में दो मुख्यमंत्री थे, एक कमलनाथ और दूसरे दिग्विजय सिंह। हालांकि इस दौरान भाजपा के सभी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की तारीफ करते दिखे। पूरे कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने की तारीफ की।
मोदी से एक कदम आगे हैं कमलनाथ
कमलनाथ पर हमला करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा- मोदी जी ने लोगों की जान बचाने के लिए कोविड-19 के दौरान लॉकडाउन लगाया। लेकिन, कमलनाथ ने मोदी जी से 15 महीने पहले ही वल्लभ भवन को लोगों से लॉकडाउन कर दिया था।
Published on:
23 Aug 2020 08:28 am
