
GF से लव मैरिज करने पर प्रेमी को मिली ये सजा, पंचायत ने ठोका एक लाख का जुर्माना
ग्वालियर। पड़ोस में रहने वाली युवती से लव मैरिज करने पर युवती के परिजन और गांव के लोग प्रेमी और उसके परिवार के विरोधी हो गए। गांववालों ने उसके परिवार का हुक्का पानी बंद कर दिया। पंचायत बुलाकर तय किया कि परिवार को गांव में नहीं रहने देंगे। उनके घर की बहू, बेटियां भी मायके नहीं जाएंगी। जो गलती की है उसके एवज में परिवार पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी ठोंका। पीडि़त परिवार का कहना है कि गांव और पंचायत के दवाब में उन्हें घर छोडऩा पड़ा है। रिश्तेदार भी उनकी मदद नहीं कर रहे हैं। इसलिए दर-दर की ठोकर खा रहे हैं। पुलिस से शिकायत की लेकिन उनकी मदद नहीं की। मेघसिंह निवासी खुदरपुरा, बिजौली ने बताया बेटे सोनू कुशवाह डीजे और मोबाइल का कारोबार करता है।
उसनेे 17 मई को पड़ोस में रहने वाली प्रीति से लव मैरिज की है। दोनों ने खिड़की मोहल्ला में आर्य समाज मंदिर में सात फेरे लिए। शादी के बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए। परिवार में किसी को नहीं बताया कि शादी कर चुके हैं। कुछ दिन पहले प्रीति ने राज का खुलासा किया तो उसके परिजन भड़क गए। उन्हें रिश्ता गवारा नहीं था। उनके इरादे भांपकर सोनू और प्रीति घर से गायब हो गए।
अब गांववालों और प्रीति के परिजन ने उनका जीना मुहाल कर दिया है। इन लोगों ने पंचायत बुलाकर तय किया है कि सोनू की गलती की सजा उसके परिवार को मिलना चाहिए। इसलिए उनकी खेती की जमीन छीन ली। एक लाख रुपया जुर्माना लगा दिया। रिश्तेदारों को भी धमकी दी कि अगर सोनू के परिवार की मदद की तो उन्हें भी सजा भुगतना पडेगी तो नाते, रिश्तेदार भी साथ नहीं दे रहे। मेघसिंह ने एसपी नवनीत भसीन से भी शिकायतय की है कि जगदीश, राधेश्याम, केदार, रामचरण, मानसिंह ,विनोद, गब्बर सिंह, हुकुम सिंह, वृजेन्द्र सिंह, ज्ञानसिंह, शंकर, मनोज, सुरेन्द्र, परमाल और रामसहाय उन्हें प्रताडि़त कर रहे हैं। इन लोगों के डर से वह गांव से बाहर हैं।
जोड़े को हाजिर करो
मेघसिंह का आरोप है कि प्रीति के परिजन और उनके समर्थकों की शर्त है कि जोड़े को उनके सामने हाजिर किया जाए नहीं तो गांव में रहने नहीं देंगे। उन्हें आशंका है कि अगर दोनों गांव में आए तो उनकी जान को खतरा हो सकता है। बेटे, बहू की जान बचाने के लिए घर, जमीन छोडऩे को मजबूर हैं।
Published on:
09 Aug 2018 10:58 am
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
