ग्वालियर स्थित मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण ले रही शहर की निवासी इशिका चौधरी का चयन भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है।
ग्वालियर. मध्य प्रदेश में हॉकी खेल से प्रेम करने वालों के लिए अच्छी खबर है। ग्वालियर स्थित मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण ले रही शहर की निवासी इशिका चौधरी का चयन भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम में हो गया है। इशिका भारतीय टीम में अपनी पारी की शुरुआत मस्कट ओमान में खेले जाने वाले एशिया कप टूर्नामेंट से करेंगी।
इस बात की पुष्टि हॉकी इंडिया ने अपने अधिकृत ट्विटर हैंडिल पर 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की फोटो शेयर करते हुए की है। बता दें कि, पिछले दिनों खेले गए यूथ ओलंपिक में सिल्वर मैडल जीतने वाली टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा रही इशिका चौधरी ने हॉकी का ककहरा ग्वालियर के दर्पण मिनी स्टेडियम पर एनआईएस कोच अविनाश भटनागर से सीखा है।
जूनियर हॉकी टीम में इशिका का जबरदस्त प्रदर्शन
कोच अविनाश भटनागर से हॉकी खेल की बारीकियां सीखने और कड़ी मेहनत के साथ लगन के दम पर इशिका का चयन साल 2012 में मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी में हुआ थ। यहीं से अपनी काबिलियत के दम पर इशिका ने अपना मुकाम जूनियर भारतीय हॉकी टीम में बनाया। इस दौरान उन्होंने टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए रूस, ऑस्ट्रेलिया, स्विट्जरलैंड, अर्जेंटीना, बेल्जियम आदि देशों में अपने खेल का जबरदस्त प्रदर्शन किया।
'एकलव्य अवार्ड' से सम्मानित हैं इशिका
इसके अलावा, इशिका चौधरी ने साल 2018 में अर्जेंटीना में आयोजित यूथ ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की ओर से खेलते हुए सिल्वर मेडल जीता था। इशिका के खेल कौशल को देखते हुए राज्य सरकार ने साल ने उन्हें 2019 के सर्वोच्च खेल अवार्ड 'एकलव्य अवार्ड' से सम्मानित भी किया है।
सड़क पर महिला के हंगामे का नया वीडियो आया सामने, देखें Video