
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे भाजपा के कई नेता, जीत का मंत्र देंगे अमित शाह
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर प्रदेश की सत्तारूण भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं। खास बात ये है कि, इस बार की चुनावी कमान केंद्रीय नेतृत्व ने पूरी तरह अपने हाथों में ले रखी है। यही कारण है कि, खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश में सक्रीयता रखे हुए हैं। यही कारण है कि, 41 दिन में चौथी बार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज मध्य प्रदेश दौरे पर हैं। इसी कड़ी में राजधानी भोपाल से अमित शाह ग्वालियर में आयोजित बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने आ रहे हैं। ग्वालियर में बैठक शुरु हो चुकी है।
बैठक में केंद्रीय मंत्री और प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव समेत नरेंद्र तोमर, प्रहलाद पटेल, ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत भाजपा के कई दिग्गज नेता पहले से ही मौजूद हैं। साथ ही, बैठक में प्रदेश के सभी मंत्रियों के साथ साथ सांसद, विधायक और जिला अध्यक्ष भी मौजूद हैं। कुछ ही देर में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी अमित शाह के साथ बैठक में जुड़ जाएंगे। यहां अमित शाह चुनाव को लेकर नेताओं को जीत का मंत्र देने वाले हैं।
बेहद महत्वपूर्ण है बैठक
बता दें कि प्रदेश कार्य समिति की यह बैठक ग्वालियर में जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित की जा रही है। बीजेपी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने यहां उद्घाटन सत्र का शुभारंभ किया। माना जा रहा है कि, ये बैठक प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी के लिहाज से खासा महत्वपूर्ण है।
कई प्रस्ताव होंगे पास- नरेंद्र सिंह तोमर
कार्यसमिति की बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि, इस बैठक में कई प्रस्ताव पास किये जाएंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश सरकार का रिपोर्ट कार्ड भी पेश करेंगे। वहीं, कांग्रेस के सवाल खड़े करने पर नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि, रिपोर्ट वही पेश कर सकता है, जिसने कुछ किया हो।
सिंधिया बोले- 23 के साथ साथ 24 की रणनीत पर भी फोकस
बैठक में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि, भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता मेरा बूथ सबसे मजबूत संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा हैं। बैठक के दौरान 2023 के साथ साथ 2024 के लिए रणनीति बनाई जाएगी। इन दोनों सालों के लिए जनता के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी का परचम प्रदेश और देश में लहराने का संकल्प लिया जा रहा है। सिंधिया ने कहा कि, ये कोई पहली बैठक नहीं, इससे पहले भी भोपाल और इंदौर में कई बैठकें हुई हैं।
2020 में उनके साथ कांग्रेस से भाजपा में आए विधायकों के इस बार टिकिट कटने की प्रबल संभावनाओं को लेकर सिंधिया ने बयान देते हुए कहा कि, कोई आपके साथ नहीं है कोई मेरे साथ नहीं है सभी भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं। ये कांग्रेस पार्टी नहीं है जहां आपका गुट, मेरा गुट और किसी और का गुट रहेगा। यह सारे के सारे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं, जो जीतेगा उसे टिकट जरूर मिलेगा। इसी नीति के साथ भारतीय जनता पार्टी काम करती है।
प्रभारी मंत्री ने किया 150 सीटें जीतने का दावा
इस दौरान बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अटल बिहारी वाजपेई की पंक्तियों को दोहराते हुए कहा कि, हार नहीं मानूंगा, रार नई ठानूंगा। काल के कपाल पर लिखता मिटाता हूं। गीत नया गाता हूं...। उन्होंने कहा कि, मध्यप्रदेश के जन-जन के बीच हम विकास कार्यों को लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से देश को कमजोर करने वालों के विरुद्ध खड़े होने की बात कही है। ऐसे लोगों के खिलाफ पूरी शक्ति के साथ आगे बढ़ें।
बीजेपी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सिंह यादव ने कहा कि, विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश में जोरदार जीत होगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी को 150 सीट मिलेंगी। प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए बीजेपी को मतदाताओं का आशीर्वाद मिलेगा। 150 से ज्यादा सीटें जीतकर हम जनता की और अधिक सेवा कर सकेंगे।
Published on:
20 Aug 2023 04:07 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
