
खराब खानपान
ग्वालियर . प्रीमियम ट्रेनों में शुमार निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22470) एक बार फिर अपने खराब खानपान को लेकर विवादों में है। इस बार ट्रेन के वीआइपी यानी एग्जीक्यूटिव क्लास के एक यात्री को परोसा गया दूध बेहद घटिया और फटा हुआ निकला। यात्री ने रेलवे और आइआरसीटीसी की कैटरिंग व्यवस्था पर आरोप लगाते हुए इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। पीड़ित यात्री ने गुस्से में कहा, इतना भारी-भरकम किराया वसूलने के बाद भी यात्रियों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
एडवोकेट गौतम ने अपने साथी सह-यात्रियों के साथ मिलकर इस बदइंतजामी का करीब 4 मिनट का एक लाइव वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (ट्विटर) पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में उन्होंने ट्रेन के भीतर मिल रही थर्ड क्वालिटी कैटरिंग सर्विस को दिखाते हुए रेलवे प्रशासन को जमकर खरी-खोटी सुनाई। देखते ही देखते यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया।
नाश्ते में मिली एक्सपायर ब्रेड, यात्रियों में मचा हड़कंप
नई दिल्ली से रानी कमलापति (भोपाल) जा रही 12002 शताब्दी एक्सप्रेस में शनिवार सुबह रेलवे की खानपान व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई। ट्रेन के सी-4 कोच में सफर कर रहे करीब 74 यात्रियों को नाश्ते में एक्सपायर्ड ब्रेड परोस दी गई। जब एक यात्री की नजर पैकेट पर छपी अंतिम तारीख (10 जुलाई 2026) पर पड़ी, तब तक अधिकांश यात्री और बच्चे ब्रेड खा चुके थे। एक दिन पुरानी एक्सपायर्ड ब्रेड की बात पता चलते ही कोच में हडक़ंप मच गया । यात्री प्रणव के अनुसार, इस लापरवाही से नाराज लोगों ने रेलवे से जिम्मेदार कैटरिंग एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कुछ जागरूक यात्रियों ने ऑनलाइन उपभोक्ता आयोग (कंज्यूमर कमीशन) के पोर्टल पर भी मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
कॉर्न फ्लेक्स में डालते ही फट गया दूध
यह पूरा मामला तब सामने आया जब पेशे से एडवोकेट राजेंद्र पाल गौतम इस ट्रेन के एग्जीक्यूटिव क्लास (ई-2) कोच में निजामुद्दीन से झांसी (वाया ग्वालियर) की यात्रा कर रहे थे। नाश्ते के वक्त जब उन्हें कॉर्न फ्लेक्स के साथ दूध परोसा गया, तो जैसे ही उन्होंने दूध को कॉर्न फ्लेक्स के कटोरे में डाला, वह तुरंत फट गया। फटे हुए दूध की स्थिति देखकर यात्री भडक़ गए। उन्होंने दावा किया, यह दूध बिल्कुल भी पीने योग्य नहीं था और दिखने में किसी खतरनाक केमिकल जैसा लग रहा था।
Updated on:
12 Jul 2026 06:23 pm
Published on:
12 Jul 2026 06:23 pm
