
ग्वालियर में पड़ोसी के पालतू कुत्ते ने बच्ची पर किया हमला (Photo Source- Patrika)
Gwalior News :मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के मुरार थाना इलाके में एक पालतू कुत्तों को खुला छोड़ने का लापरवाही भरा मामला सामने आया है। यहां घासमंडी इलाके में पड़ोसी के पालतू कुत्ते ने घर के बाहर खेल रही एक 8 साल की मासूम बच्ची पर हमला कर उसे बुरी तरह काट लिया है। कुत्ते के हमले से बच्ची का पैर बुरी तरह घायल हो गया है। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर कुत्ते के मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
शहर के मुरार थाना पुलिस का कहना है कि, पुरानी कचहरी के पास घासमंडी में रहने वाले धीरज मित्तल की बेटी तृषा 28 मई की रात करीब 9 बजे घर के बाहर आसपास रहने वाले अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सुनील सोनी का पालतू कुत्ता बिना पट्टे और बिना माउथ-कैप के गली में घूम रहा था।
बताया जा रहा है कि, इससे पहले कि बच्ची कुछ समझ पाती कुत्ते ने अचानक बच्ची पर हमला कर दिया, जिसके चलते बच्ची जमीन पर गिर गई। इसपर कुत्ते ने बच्ची के पैर में काट लिया। बच्ची के शोर मचाने पर उसके परिजन और आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को कुत्ते के जबड़े से छुड़ाया।
इस हमले में बच्ची के पैर में काफी चोट आई है। घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची का उपचार किया और एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए, ताकि संक्रमण के खतरे से बचा जा सके। वहीं, परिजन का कहना है कि, घटना के बाद से बच्ची काफी सहमी हुई है।
घटना के बाद धीरज मित्तल ने मुरार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कुत्ता मालिक सुनील सोनी के खिलाफ लापरवाही से चोट पहुंचाने सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुरार थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आरोपी कुत्ता मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उसे नोटिस जारी कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से पालतू कुत्तों को सुरक्षा मानकों के अनुसार रखने की अपील भी की है।
फिलहाल, पालतू कुत्ते क पालने वाले मालिक की इस मामले में लापरवाही सामने आई है। क्योंकि, हमले के समय न तो कुत्ते के पट्टा था और ना ही माउथ कैप लगा था।
Updated on:
01 Jun 2026 12:47 pm
Published on:
01 Jun 2026 12:47 pm
