आज से शुरू होंगे तरण पुष्कर और मिनी तरण पुष्कर
बाल सरोवर इसी माह के अंत तक खुलने की उम्मीद
ग्वालियर.
कोविड के कारण दो साल से बंद तरण पुष्कर और मिनी तरण पुष्कर आज से ओपन होने जा रहे हैं। इसी के साथ नगर निगम ने तैराकी प्रतियोगिता कराने का भी निर्णय लिया है। अभी तक खेल दिवस यानि 29 अगस्त को संभाग स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता कराने की सहमति बनी है। इसमें ग्वालियर चंबल संभाग के तैराक खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में मेल और फीमेल की कई कैटेगरी रखी जाएंगी। इसके साथ ही डिस्ट्रिक्ट और स्टेट तैराकी प्रतियोगिता खेल चुके खिलाडिय़ों से तरण पुष्कर फीस नहीं लेगा। उन्हें केवल रजिस्ट्रेशन शुल्क देना होगा।
18 फीट गहरा, 8 लाइन का है स्वीमिंग पूल
यह स्वीमिंग पूल 50 मीटर लंबा, 20 मीटर चौड़ा और 18 फीट गहरा है। यह 8 लाइन का है, जिसमें डाइविंग प्रतियोगिता भी कराई जा सकती है। पूर्व में भी कई तैराकी प्रतियोगिताएं हो चुकी हैं।
मॉर्निंग टाइम में एक और बैच बढ़ाने का प्लान
वर्तमान में लगभग सभी बैच फुल हो चुके हैं। इसीलिए सुबह एक और बैच शुरू करने का प्लानहै, जो सुबह 10 से 11 बजे तक चलेगा। आज से तरण पुष्कर में सुबह 6 से 10 बजे तक 4 बैच और शाम 5 से 9 बजे तक 4 बैच रहेंगे। सुबह 5 से 9 बजे तक तैरने वालों को लिए और 9 से 10 बजे तक सिखाने वालों के लिए होगा। इसी प्रकार शाम को गल्र्स के बैच 5 से 6 बजे और 6 से 7 बजे तक रहेगा। शाम 7 से 8 बजे तक फैमिली और रात 8 से 9 बजे तक वीआइपी लोगों के लिए बैच होगा। हर बैच 45 मिनट का होगा। एक बैच में 100 लोग पूल पर उतर सकेंगे।
बच्चों को करना होगा इंतजार, इस माह के अंत तक खुल सकता है बाल सरोवर
बच्चों को अभी स्वीमिंग के लिए इंतजार करना पड़ेगा। क्योंकि बाल सरोवर में अभी पानी की व्यवस्था नहीं हो पाई है। यहां की बोरिंग खराब है और टायल्स भी टूटी हुई हैं। उम्मीद है कि इस माह के अंत तक व्यवस्थाएं दुरस्त होंगी और बाल सरोवर शुरू होगा। यहां भी 8 बैच लगेंगे, जिसमें 8 साल से 14 साल तक के बच्चे भाग ले सकेंगे। एक बैच में 35 बच्चे शामिल होंगे।
वर्जन
तरण पुष्कर और मिनी तरण पुष्कर आज से ओपन होने जा रहे हैं। लोगों की संख्या अधिक होने के कारण तरण पुष्कर में एक और बैच शुरू करने का प्लान है। इस बार हम तैराकी प्रतियोगिता भी कराएंगे। बाल सरोवर इसी माह के अंत तक शुरू हो जाएगा।
सत्यपाल सिंह चौहान, उपायुक्त, नगर निगम