
MP गजब है : मोबाइल टॉवर ही चुरा ले गए चोर, थाने पहुंची कंपनी
ग्वालियर/ अब तक आपने अपने आसपास या खबरों के माध्यम से मोबाइल चोरी के बारे में तो सुना होगा, लेकिन, कया आपने कभी सुना है कि, चोर मोबाइल टावर ही चुरा कर ले गए। आपको सुनकर हैरानी होगी कि, ऐसा कैसे संभव है, पूरा का पूरा मोबाइल टॉवर चोरी हो गया और किसी को पता भी नहीं चला। लेकिन, यकीन मानिये मध्य प्रदेश के ग्वालियर में चोर पूरा का पूरा मोबाइल टॉवर ही लेकर चंपत हो गए। हैरानी इस बात की है कि, आसपास रहने वाले तो छोड़िये टॉवर लगाने वाली कंपनी, जो उसकी सेक्यूरिटी की भी जिम्मेदार होत है, उसे तक पता नहीं लगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शहर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आनंद नगर मोबाइल टॉवर को चोर पूरे सामान समेत खोलकर ले गए। बचा है, तो सिर्फ उसका स्टैंड। अगर जिम्मेदारों की नजर एक-दो दिन और न पड़ती, तो चोर स्टैंड भी खोलकर ले जाते। बता दें कि, मोबाइल टॉवर GTL कंपनी का है। इसकी देखरेख करने वाली टीम ने लखनऊ हैड ऑफिस से आकर यहां ग्वालियर में शिकायत की। फिलहाल, पुलिस द्वारा चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है।
इसलिये तैनात नहीं था कोई सेक्योरिटी गार्ड
उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी चंद्रप्रकाश तिवारी पुत्र रामचंद्र तिवारी GTL इंफ्राटेक्चर कंपनी में कार्यरत हैं। वो कंपनी के मोबाइल टवरों की देखरेख का काम करते हैं। बहोड़ापुर के ट्रांसपोर्ट नगर में कंपनी का मोबाइल टावर शारदा सिंह पत्नी तपेश्वर सिंह के खेत में लगा था। कुछ महीने पहले मोबाइल कंपनी ने काम समेटने के कारण इस मोबाइल टॉवर को बंद कर रखा था। यही वजह थी कि, यहां कोई सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात नहीं था।
जनवरी तक चालू था टॉवर
आखिरी बार GTL कंपनी की ओर से यहां जनवरी 2021 में टीम निरीक्षण करके गई थी। तभी से टावर बंद हो गया था। 3 दिन पहले टीम द्वारा टॉवर का निरीक्षण किया गया, तो, पता लगा, जहां टॉवर खड़ा किया गया था, वहां सिर्फ मैदान है। सिर्फ मोबाइल टावर के नाम पर एक स्टैंड लगा हुआ था। ये देखकर कंपनी के कर्मचारी हैरान रह गए। जानकारी लगते ही लखनऊ से चन्द्रप्रकाश तिवारी भी ग्वालियर पहुंच गए। यहां देखा तो सब कुछ चोरी हो चुका था। शनिवार को इस मामले में बहोड़ापुर थाना पुलिस को शिकायत की गई।
टॉवर का ये सामान चोरी हुआ
टावर के सभी उपकरण जैसे टावर, उसके अंदर लगे शेल्टर SMPS, स्टेवलाइजर, एयर कंडीशनर, अंदर लगे एएनसीयल उपकरण आदि चीजें चोरी हो गई हैं। सिर्फ टॉवर का स्टैंड बाकि है। जांच टीम का कहना है कि, ऐसा कर पाना किसी एक-दो दिन का काम नहीं बल्कि लंबे समय से थोड़ा थोड़ा सामान चोरी किया जाता रहा है। फिलहाल, पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।
RSS को जमीन देने पर 'बवाल', दिग्विजय सिंह के साथ कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन - Video
Published on:
11 Jul 2021 07:53 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
