
ट्रेन में सफर के दौरान युवक की लड़की से हुई मुलाकात और खींच लाई यहां तक
ग्वालियर। दिल्ली के रंजीत नगर थाना क्षेत्र से लापता हुई दो लड़कियां मध्यप्रदेश के ग्वालियर चंबल संभाग के श्योपुर जिले के विजयपुर से बरामद हुई है। विजयपुर के एक घर से मिली इन दोनों लड़कियों में एक लड़की बालिग और दूसरी नाबालिग है। जिनके लापता होने का मामला मामला दिल्ली के रंजीत नगर थाने में दर्ज है। विजयपुर थाना पुलिस ने इस पूरे मामले का पता लगाकर दिल्ली की रंजीत नगर थाना पुलिस और लड़कियों के परिजनों को सूचना देकर विजयपुर बुलवा लिया।
यहां बता दें कि बुधवार को विजयपुर पहुंची दिल्ली पुलिस दोनों लड़कियों के साथ उस लड़के को भी अपने साथ लेकर दिल्ली लौट गई, जिसके घर से पुलिस को दोनों लड़कियां मिली। दरअसल मंगलवार रात को एसपी नगेन्द्र सिंह को किसी ने सूचना दी कि विजयपुर निवासी अमन पुत्र बनवारी जाटव के घर पर दो लड़कियां आई हुई है। जो दिखने में किसी बड़े शहर की लग रही हैं।
इस सूचना पर एसपी ने विजयपुर पुलिस को मौके पर भेजा। विजयपुर के प्रभारी टीआई घनश्याम नागर के नेतृत्व में अमन जाटव के घर पहुंची पुलिस टीम को दो लड़कियां मिली। जिनको पुलिस थाने लेकर आ गई। पूछताछ में दोनों लड़कियों ने अपने नाम बताते हुए दिल्ली के रंजीनगर थाना क्षेत्र के पटेल नगर का निवासी बताया। पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया तो पता चला कि रंजीत नगर थाना क्षेत्र से ये दोनों लड़कियां लापता हुई है। जिनमें एक लड़की नाबालिग है। जिनका मामला यहां दर्ज है।
लड़कियों के कब्जे से 83 हजार 500 रुपए जब्त
पुलिस ने दोनों लड़कियों के कब्जे से 83500 रुपए जब्त किए है। विजयपुर पुलिस की सूचना पर दिल्ली के रंजीत नगर थाने के एएसआई किशनलाल के नेतृत्व में एक पुलिस टीम,लड़कियों के परिजनों के साथ विजयपुर पहुंची। परिजनों के सुपुर्द दोनों लड़कियों को कर दिया गया। दिल्ली पुलिस ने दोनों लड़कियों के साथ अमन जाटव को भी अपने साथ दिल्ली ले गई।
अमन करना चाहता था शादी
पुलिस सूत्रो की माने तो अमन,जब दिल्ली गया था, तब उसकी टे्रन में सफर करते समय एक लड़की से जान पहचान हो गई। अमन उसके साथ शादी करना चाहता था। इसलिए वह लड़की अपनी एक सहेली के साथ घर से भागकर अमन के साथ विजयपुर आ गई। अमन ने उसके साथ खुद शादी करने और दूसरी लड़की की यहां किसी दूसरे अच्छे लड़के से शादी कराने की योजना बना ली। एसपी श्योपुर नगेन्द्र सिंह ने बताया कि दोनों लड़कियों के गुम होने का दिल्ली के रंजीत नगर थाने में मामला दर्ज था। इसलिए हमने दिल्ली पुलिस को सूचना देकर यहां बुलवाया और उनके सुपुर्द दोनों लड़कियों को कर दिया। दिल्ली पुलिस अमन को भी अपने साथ लेकर गई है।
Published on:
28 Nov 2019 05:18 pm

बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
